बेतिया जेल से मिली थी एपीपी को धमकी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Feb 2016 6:18 AM

विज्ञापन

खुलासा . मेहसौल ओपी पुलिस ने जांच में किया उजागर, बेतिया के बसवरिया में हुई छापेमारी सीतामढ़ी : जिले में आये दिन डॉक्टर, व्यवसायी समेत अन्य लोगों से मांगी जा रही रंगदारी की घटनाओं को लेकर पुलिस अब गंभीर हो गयी है. इसी कड़ी की छानबीन में सोमवार को अपर लोक अभियोजक(एपीपी) मो अनवारूल हक […]

विज्ञापन
खुलासा . मेहसौल ओपी पुलिस ने जांच में किया उजागर, बेतिया के बसवरिया में हुई छापेमारी
सीतामढ़ी : जिले में आये दिन डॉक्टर, व्यवसायी समेत अन्य लोगों से मांगी जा रही रंगदारी की घटनाओं को लेकर पुलिस अब गंभीर हो गयी है. इसी कड़ी की छानबीन में सोमवार को अपर लोक अभियोजक(एपीपी) मो अनवारूल हक अंसारी से मांगी गयी रंगदारी व बुरे अंजाम भुगतने की धमकी के तार छानबीन में बेतिया मंडल कारा से जुड़े होने के संकेत मिले हैं.
रंगदारी मांगने में इस्तेमाल की गयी मोबाइल के टावर लोकेशन के आधार पर मेहसौल ओपी की पुलिस ने बेतिया नगर थाना पुलिस के सहयोग से बंसबरिया (बेतिया) एवं नौरंगाबाद में छापेमारी की. हालांकि छापेमारी में पुलिस टीम को कुछ खास हासिल तो नहीं हुआ, लेकिन एपीपी को आये धमकी भरे कॉल की गुत्थी को हद तक सुलझा लिया गया है. मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के आइजी पारसनाथ द्वारा बीते दिन पुलिस पदाधिकारियों की बैठक में रंगदारी से संबंधित केसों को प्राथमिकता के आधार पर अनुसंधान कर रिपोर्ट करने के आदेश के बाद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज रंगदारी मामलों की परत अब खुलने लगी है.
डुमरा कोर्ट में अपर लोक अभियोजक मो अनवारूल हक अंसारी द्वारा नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी भी त्वरित अनुसंधान की इसी कड़ी का नतीजा माना जा रहा है. मामले के अनुसंधान कर्ता मेहसौल ओपी प्रभारी औरंगजेब आलम रंगदारी व धमकी में इस्तेमाल की गयी मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर बेतिया पहुंचे.
सुनीता के नाम से जारी है मोबाइल सीम: जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि एपीपी से जिस मोबाइल नंबर(9006852902) से रंगदारी की मांग की गयी थी, वह बेतिया नगर के बंसबरिया निवासी शंकर साह की पत्नी सुनीता देवी के नाम से जारी है. सुनीता देवी इन दिनों बंसबरिया मुहल्ला से अलग नौरंगाबाद मोहल्ले में रहती है. उसका पति शंकर साह स्मैक का बड़ा तस्कर है तथा कई अपराधियों से उसकी सांठगांठ भी है. शंकर इन दिनों तस्करी के जुर्म में बेतिया मंडल कारा की सलाखों के पीछे है.
मनुआपुल बता रहा था मोबाइल का लोकेशन
जिस समय एपीपी को रंगदारी के लिए धमकी भरा कॉल किया गया था, उसके मोबाइल का टावर लोकेशन बेतिया के मनुआपुल बता रहा है. बेतिया मंडल कारा भी मनुआपुल में हीं स्थित है, इससे पुलिस को पक्का संदेह है कि जेल से हीं एपीपी को धमकी दी गयी थी. संदेह के घेरे में सुनीता देवी का पति शंकर साह है, जिसके अपराधियों से सांठगांठ की बात की जा रही है. पुलिस ने छानबीन के क्रम में यह भी पता लगाया है कि सुनीता देवी के नाम से जारी सीम, जिससे रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया था, वह सीम अरविंद कुमार की दुकान से खरीदी गयी है. अरविंद का बेतिया के बंसबरिया मुहल्ले में मोबाइल की दुकान है.
क्या है पूरा मामला
नगर के सटे राजोपट्टी अंसारी टोला निवासी अपर लोक अभियोजक मो अनवारूल हक अंसारी से उनके मोबाइल पर अज्ञात अपराधियों द्वारा मोबाइल नंबर-9006852902 से रंगदारी की मांग की गयी थी. मो अंसारी ने 20 मार्च 2015 को मेहसौल ओपी के माध्यम से नगर थाने में अज्ञात पर भादवि की धारा 385 एवं 387 के तहत प्राथमिकी कांड संख्या-229/15 दर्ज कराया था.
हालांकि प्राथमिकी में रंगदारी की राशि का जिक्र नहीं किया गया था. तत्कालीन मेहसौल ओपी प्रभारी मो अलाउद्दीन ने मामले की जांच शुरू की थी, लेकिन नतीजा सिफर रहा. इधर केस का चार्ज लिये औरंगजेब आलम ने मामले की तह में जाकर छानबीन शुरू किया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन