Sitamarhi: पुलिस को बड़ी सफलता, पांच साल से फरार ट्रैक्टर चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार

गिरफ्तार ट्रैक्टर चोरी गिरोह के सरगना गोविंद सहनी
सीतामढ़ी पुलिस ने लंबे समय से फरार ट्रैक्टर चोर गिरोह के सरगना को दरभंगा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पढ़ें पूरी खबर और जानें किन मामलों में आरोपी था वांछित…
Sitamarhi News: सीतामढ़ी पुलिस को ट्रैक्टर चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिला आसूचना इकाई (डीआइयू) और परिहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात दरभंगा जिले में छापेमारी कर ट्रैक्टर चोर गिरोह के सरगना गोविंद सहनी को गिरफ्तार कर लिया.
दरभंगा से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी गोविंद सहनी दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र स्थित तेलिया पोखर गांव का निवासी है.
परिहार थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दरभंगा पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई, जहां से आरोपी को दबोच लिया गया.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
2019 से थी पुलिस को तलाश
पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर 2019 की रात परिहार थाना क्षेत्र के सिसौटिया गांव निवासी अजय सिंह और उनके भाई के ट्रैक्टर चोरी कर लिए गए थे.
आरोप है कि गोविंद सहनी ने अपने गिरोह के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था. तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी.
कई मामलों में वांछित था आरोपी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि गोविंद सहनी परिहार थाना के कुल चार मामलों में वांछित था.
इसके अलावा उसके खिलाफ दरभंगा जिले के मब्बी थाना में भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चोरी गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जांच एजेंसियां गिरोह के नेटवर्क और चोरी किए गए वाहनों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










