Sitamarhi: बाराती बनकर ले जा रहे थे गांजा, सुरसंड में एसटीएफ ने 71 लाख की खेप पकड़ी

Updated:
विज्ञापन
Sitamarhi Sursand ganja smuggling car seized by police

फूलों से सजी कार से बरामद गांजा के साथ गिरफ्तार तस्कर.

नेपाल से फूलों से सजी कार में गांजा की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही थी. सुरसंड में पुलिस और एसटीएफ ने नाकेबंदी कर 71 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया.

विज्ञापन

Sitamarhi News: सुरसंड पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई. पुलिस ने एनएच-227 स्थित फोरलेन चौक के पास ए-वन मॉल के समीप नाकेबंदी कर 142.24 किलोग्राम गांजा लदी एक कार जब्त की और दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार तस्करों की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के झपहा मसहा गांव निवासी विकास कुमार और अमृत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है.

फूलों से सजी कार में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एमएच 06बीएम 3668 नंबर की कार को फूलों से सजा रखा था, ताकि वह बारात में जा रही गाड़ी लगे. रोककर पूछताछ करने पर विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बारात में शामिल होने जा रहा है.

हालांकि, पुलिस को शक होने पर जब कार की तलाशी ली गई तो डिक्की से 10 पैकेट गांजा बरामद हुआ. इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.

नेपाल से मुजफ्फरपुर पहुंचनी थी खेप

थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि नेपाल से गांजा की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ टीम के साथ संयुक्त नाकेबंदी कर कार्रवाई की गई.

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि गांव का ही रंजीत कुमार उर्फ रंजीत सिंह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है. वहीं अमृत कुमार और विनय कुमार लाइनर का काम कर रहे थे.

पुलिस के अनुसार, गांजा की खेप पुपरी थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी मंजय राय और मुजफ्फरपुर निवासी रोहन कुमार तक पहुंचाई जानी थी.

नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश

मामले में पुअनि हीरालाल पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों तस्करों समेत पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है.

फिलहाल पुलिस इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

सुरसंड से विजय नारायण मिश्र की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन