बिहार संग्रहालय में ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी कलाकृतियों की प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन

Published by : MANISH LIFE Updated At : 04 Jun 2025 12:34 AM

विज्ञापन

बिहार संग्रहालय, पटना और ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता के संयुक्त सहयोग में ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी कलाकृतियों की एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

बिहार संग्रहालय, पटना और ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता के संयुक्त सहयोग में ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी कलाकृतियों की एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ. बिहार संग्रहालय के ओरिएंटेशन हॉल में ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूत ह्यू बॉयलन और बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से इस महत्वपूर्ण प्रदर्शनी का अनावरण किया. यह प्रदर्शनी आगामी बिहार संग्रहालय द्विवार्षिकी 3 के प्रारंभिक कार्यक्रम कर्टन रेजर के रूप में आयोजित की गयी है.

बता दें कि बिहार संग्रहालय प्रत्येक दो वर्ष के अंतराल पर द्विवार्षिकी का आयोजन करता है, जिसमें विभिन्न देशों के संग्रहालय और कला संस्थाएं भाग लेती हैं. इस वर्ष, 7 अगस्त से 31 दिसंबर तक, बिहार संग्रहालय द्विवार्षिकी-3 का आयोजन किया जा रहा है, जिसका विषय दक्षिणी विश्व: कला, संस्कृति और इतिहास का संगम है. इस प्रदर्शनी में कुल 41 पेंटिंग प्रदर्शित की गयी हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय संग्रहालय में संग्रहित मूल कलाकृतियों और चित्रकलाओं की प्रतिकृतियां शामिल हैं. इन कलाकृतियों में कलाकारों की धार्मिक आस्था और दैनिक जीवन के अनुभवों की झलक मिलती है, जिसे पारंपरिक और आधुनिक कला शैलियों के माध्यम से व्यक्त किया गया है. प्रदर्शनी में पेशेवर फोटोग्राफरों द्वारा खींची गयी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गयीं, जिनमें प्राकृतिक दृश्यों और ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी जीवन को दर्शाया गया है. स्वागत भाषण बिहार संग्रहालय की उपनिदेशक मौमिता घोष ने दिया, मंच संचालन अदीबा मनन ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने किया.

भारत और आस्ट्रेलिया की संस्कृति और कला भारत से मेल खाते हैं

इस अवसर पर महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि दक्षिणी विश्व के अधिकांश देशों की कला एवं संस्कृति के साथ भारतीय इतिहास का गहरा संबंध है, जिसे समझना अत्यंत प्रासंगिक है. उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी आदिवासी चित्रकला पर केंद्रित है. 7 अगस्त से शुरू होने वाली द्विवार्षिकी में दक्षिणी विश्व के कई देशों के साथ सांस्कृतिक संवाद होगा, जैसे इक्वाडोर कोकोआ पर अपनी प्रदर्शनी प्रस्तुत करेगा और इंडोनेशिया व भारत के प्राचीन रिश्तों पर प्रकाश डाला जायेगा. ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी इसी संवाद का प्रारंभिक चरण है. ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूत ह्यू बॉयलन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासियों का संबंध विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक से है, जिसका इतिहास 65,000 वर्षों से भी अधिक पुराना है. उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया की जातीय, भाषाई और धार्मिक पृष्ठभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को साझा करना उनका उद्देश्य है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANISH LIFE

लेखक के बारे में

By MANISH LIFE

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन