कैंपबेल की एतिहासिक पारी, वेस्टइंडीज ने रोमांचक मुकाबले में चैंपियन न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

Published by : Swayam Rishi Updated At : 14 Jun 2026 11:08 AM

विज्ञापन

शेमाइन कैंपबेल ( फोटो : सोशल मीडिया )

Women's T20 World Cup 2026: महिला टी-20 विश्वकप के चौथे मैच में वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया है. शेमाइन कैंपबेल को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

विज्ञापन

Women’s T20 World Cup 2026: साउथेम्पटन के द रोज बाउल मैदान पर खेले गए आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज महिला टीम ने मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया है. वेस्टइंडीज ने 163 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य महज 3 विकेट खोकर, 1 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया. वेस्टइंडीज की इस ऐतिहासिक जीत की मुख्य सूत्रधार रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज शेमाइन कैंपबेल, जिन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए नाबाद 90 रन बनाए.

न्यूजीलैंड की सधी शुरुआत और एलीने का घातक स्पैल

इससे पहले वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी आक्रामक रही और इसाबेला गेज (39 रन) और जॉर्जिया प्लिमर ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े. हालांकि, वेस्टइंडीज की मध्यम तेज गेंदबाज अलाना एलीने (Aaliyah Alleyne) ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (4/27) करते हुए न्यूजीलैंड के मध्यक्रम को झकझोर कर रख दिया. उन्होंने गेज और अमेलिया केर को लगातार ओवरों में आउट कर न्यूजीलैंड की रन गति पर ब्रेक लगाया. इसके बाद ब्रुक हैलीडे के 40 और मैडी ग्रीन के नाबाद 35 रनों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 162/6 का एक मजबूत स्कोर खड़ा किया.

मैथ्यूज और कैंपबेल के बीच मैच जिताऊ साझेदारी

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज कियाना जोसेफ सिर्फ 2 रन बनाकर रन आउट हो गईं. इसके बाद कप्तान हेली मैथ्यूज (48 रन) और शेमाइन कैंपबेल ने मोर्चा संभाला. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पलट दिया. मैथ्यूज के आउट होने और डिएंड्रा डॉटिन (6 रन) के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद रन रेट 9 के पार चला गया था और मैच फंसता हुआ नजर आ रहा था.

आखिरी ओवर का रोमांच और न्यूजीलैंड की खराब फील्डिंग

दबाव के क्षणों में शेमाइन कैंपबेल ने बेहद सूझबूझ और आक्रामकता का परिचय दिया। उन्होंने सिर्फ 62 गेंदों में 7 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 90 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. न्यूजीलैंड की फील्डिंग कल बेहद निराशाजनक रही; उन्होंने कैंपबेल के कैच छोड़े और स्टंपिंग के मौके भी गंवाए, जिसका वेस्टइंडीज ने पूरा फायदा उठाया. आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए रनों की दरकार थी, जिसे जाहजारा क्लैक्सटन के साथ मिलकर कैंपबेल ने 19.5 ओवर में आसानी से हासिल कर अपनी टीम को एक यादगार जीत दिला दी.

ये भी पढ़े : IND W vs PAK W: पाकिस्तान पर भारी पड़ा है भारत, जानें दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

विज्ञापन
Swayam Rishi

लेखक के बारे में

By Swayam Rishi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola