बिहार पुलिस अभ्यर्थियों ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर क्यों किया हंगामा? ट्रेनें रोकीं, तोड़फोड़-पथराव के बाद पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग

Updated:
विज्ञापन
bihar police exam protest

ट्रेन की इंजन पर चढ़े अभ्यर्थी

Bihar Police Exam: बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया. ट्रेनों की कमी का आरोप लगाते हुए छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और एक एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की. हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया है.

विज्ञापन

Bihar Police Exam: बिहार में मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला. ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन किया. इस दौरान कई ट्रेनों को रोका गया और एक एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की गई.

जानकारी के अनुसार, आधी रात के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी स्टेशन पर जमा हो गए. छात्रों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं हैं. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेन परिचालन बाधित कर दिया गया. माहौल शांत करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करना पड़ा.

भारी संख्या में मौजूद थे छात्र

DM बोले- असामाजिक तत्वों ने बिगाड़ा माहौल

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची. प्रदर्शनकारियों से शांत रहने और परीक्षा देने जा रहे अन्य छात्रों का सहयोग करने की अपील की गई. DM के मुताबिक कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन की मांग करने लगे. जबकि रेलवे पहले ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था कर चुका था.

मीडिया से बातचीत करते पटना dm डॉ. त्यागराजन

हल्का बल प्रयोग, स्थिति हुई सामान्य

प्रशासन का कहना है कि कुछ लोगों ने उन अभ्यर्थियों को भी रोकने की कोशिश की जो परीक्षा केंद्र के लिए रवाना होना चाहते थे. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. फिलहाल स्थिति सामान्य है. सभी निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल परिचालन भी सामान्य रूप से चल रहा है.

4,128 पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए राज्यभर में 500 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. कुल 4,128 पदों पर भर्ती की जानी है. इसके लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षपाल के 2,417 पद, मद्य निषेध सिपाही के 1,603 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों पर नियुक्ति होगी.

17 जून तक चलेगी परीक्षा

परीक्षा 17 जून तक आयोजित की जाएगी। इसे दो पालियों में कराया जा रहा है. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी. पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

पेन ले जाने पर भी रोक

इस बार परीक्षा में कई नए नियम लागू किए गए हैं. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पेन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. सभी उम्मीदवारों को परीक्षा हॉल में ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा. परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को भी परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी.

अलग-अलग प्रश्नपत्र और कड़ी निगरानी

हर शिफ्ट के लिए अलग प्रश्नपत्र और अलग OMR शीट तैयार की गई है. प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर अधिकारियों, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खोला जाएगा. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है. बिना पहचान पत्र किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा.

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. साथ ही परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

Also Read: पाटलिपुत्र स्टेशन पर मद्य निषेध अभ्यर्थियों का बवाल, पथराव में रेल आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन