स्वाभिमान रैली : सोनिया-नीतीश-लालू ने PM मोदी पर जमकर साधा निशाना

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 30 Aug 2015 3:48 PM

विज्ञापन

पटना : बिहार की राजधानी पटना में महागंठबंधन की ओर से रविवार को आयोजित स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है. नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा वाले जनता को केवल सपना दिखाते […]

विज्ञापन

पटना : बिहार की राजधानी पटना में महागंठबंधन की ओर से रविवार को आयोजित स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है. नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा वाले जनता को केवल सपना दिखाते हैं. लोकसभा चुनाव के पहले किये गये वादों को वे भूल गये हैं. रैली के संबोधन की शुरु आत करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि मैं किन शब्दों में आने वालों का स्वागत करुं, समझ नहीं आ रहा है. यह जो जन सैलाब उमड़ा है वह कल से ही दिख रहा है.

नीतीश का संबोधन

भूमि अधिग्रहण पर झुकी सरकार
नीतीश कुमार ने कहा कि जनता ने दिखा दिया है कि यदि कोई उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचायेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. आज भूमि अधिग्रहण पर प्रधानमंत्री को झुकना पड़ा है. आज का दिन ऐतिहासिक दिन है. किसानों की जमीन छिनने का इस सरकार ने प्रयास किया लेकिन जनता के सामने उन्हे झुकना पड़ा. उन्होंने कहा कि जब मैं यहां के लिए निकल रहा था तो पीएम मन की बात कर रहे थे लेकिन यह उनके मन की बात नहीं थी. यह जनता की जीत थी. उन्होंने कहा कि 14 महीने तक उन्हें बिहार की याद नहीं आयी लेकिन चुनाव आते ही उन्हें बिहार की याद सताने लगी.

काला धन एक जुमला
काला धन मामले पर उन्होंने नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के पहले जितना वादा किया वह अब तक पूरा नहीं हुआ. काले धन के नाम पर नरेंद्र मोदी ने सपना दिखाया बाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह एक जुमला था. नीतीश ने कहा कि माना काला धन लाना मुश्किल है लेकिन 15-20 हजार लोगों के अकाउंट में डालकर बोहनी तो करवा देते. उन्होंने कहा था कि देश में काला धन वापस आयेगा और एक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रु पये आयेंगे. मैं पूछता हूं कि यह पैसे कब आयेंगे.

डीएनए वही जो बिहार की जनता का
डीएनए विवाद पर भी नीतीश ने कहा कि उन्होंने मेरे डीएनए पर सवाल उठाकर बिहार की जनता को अपमानित किया है. मैंने स्वतंत्रता सेनानी के घर जन्म लिया है. उनका तो स्वतंत्रता संग्राम से कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय से कहा जाता है कि मुख्यमंत्री का छाती फोड़ देंगे जिसने यह कहा उसको प्रधानमंत्री अपना मित्र बताते हैं.

बिहार में नही जंगलराज

उन्होंने कहा कि कहा जाता है कि पहले वाले पीएम कम बोलते थे आदत थी उनकी और ये पीएम बोलते रहते हैं किसी की सुनते नहीं. मैं उनको बता देना चाहता हूं कि बिहार में जंगलराज नहीं है. आज बिहार सरकार कांग्रेस और राजद के सहारे चल रहा है लेकिन आज तक लालू प्रसाद ने किसी अपराधी को समर्थन करने को नहीं कहा है या पैरवी करने को नहीं कहा. प्रधानमंत्री कहते हैं कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है. मैं कहता हूं कि देशभर में अपराध हो रहा है. इसके लिए एक मापदंड होना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध की दर बिहार से ज्यादा है. सब जानते हैं कि दिल्ली में किसकी सरकार है. 56 इंच की छाती के नीचे यह हो रहा है.

भाजपा शासित राज्यों में ज्यादा अपराध
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि लालू के आने पर बिहार में जंगलराज कायम हो रहा है. अरे मैं पूछता हूं कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में यहां से ज्यादा अपराध का ग्राफ बढ़ा है. उन्होंने कहा कि हम बिहार में रोजगार के अवसर पैदा करेंगे ताकि लोगों को बाहर नहीं जाना पड़े बल्कि दूसरे राज्य से लोग यहां आये. हमारा डीएनए काम करने वाला है जुबान चलाने वाला नहीं है.

लालू का संबोधन

जंगलराज पार्ट-2 नहीं, यह है मंगलराज पार्ट-2
वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव मंच पर अपने अंदाज में नजर आये. उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी आजकल हमें जमकर गाली दे रहे हैं. वे हमलोगों से चिड़चिड़ा रहे हैं. मैंने पता किया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ तो पता चला कि उनके पुरखे गया में पिंड का इंतजार कर रहे थे लेकिन वह पींडा पार के चले गये. उन्होंने कहा कि वह छाती फोड़ने की बात करते हैं मैं उन्हें बता दूं कि लालू वहीं है. उन्होंने कहा कि यह जंगलराज -2 नहीं है. यह मंगलराज-2 है.

काला धन व महंगाई को लेकर साधा निशाना
काला धन मामले पर भी लालू ने नरेंद्र मोदी पर हमला किया. उन्होंने कहा कि 15 लाख कब आयेंगे जनता इंतजार में है और अमति शाह ने इसे जुमला बताया. अमित शाह बोलते हैं कि योग करो लेकिन उनका खुद का पेट कितना है देखिए. पिछले दिनों वे लिफ्ट में फंस गये. उन्होंने कहा कि सोना चांदी सस्ता हो रहा है लेकिन प्याज महंगा हो रहा है, दाल महंगा हो राह है. लालू ने कहा कि भाजपा वालों ने राम को भी धोखा देने का काम किया है. बिहार में भाजपा लड़ाई हार चुकी है. बिहार में लालू की वजह से पिछड़ों की पूछ बढ़ी है.

शरद यादव ने कहा, भाजपा वाले केवल झूठे वादे करेंगे
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि बिहार चुनाव के पहले भाजपा वाले केवल झूठे वादे करेंगे. भूमि अधिग्रहण पर हमने केंद्र सरकार को सदन में घुटने टिका दिया. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने गरीबों की लड़ाई लड़ी है. वे कहते हैं कि उनके राज में जंगलराज आया. मैं कहता हूं कि बाबरी मिस्जद वाला कांड क्या जंगल राज नही था? उन्होंने कहा कि देश को बदलने का काम बिहार से ही शुरू होता है. इतिहास इसका गवाह है. शरद यादव ने कहा कि वोट के पहले ये लोग जो पैसा देंगे उसे ले लो लेकिन वोट सही जगह डालो. उन्होंने कहा कि बिहार को कीचड़ बनाकर ये कमल खिलाना चाहते हैं.

सोनिया बोली, शो बाजी के अलावा पीएम मोदी ने कुछ नही किया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार की धरती अिहंसा की धरती है. यहां चंद्रगुप्त, अशोक जैसे महान लोगों की धरती है. इसमें बाबू कुंवर सिंह जैसे लोगों ने जन्म लिया. उन्होंने कहा कि यहां आये लोगों ने यह साबित कर दिया है कि वह अपने स्वाभिमान की रक्षा करना जानते हैं लेकिन कुछ लोग बिहार के लोगों को नीचा दिखाने में जुटे हैं. वे बिहार के डीएनए पर सवाल उठाते हैं. इतिहास गवाह है कि बिहार को आगे ले जाने में कांग्रेस का भी हाथ है. केंद्र में जब यूपीए की सरकार थी तो बिहार की मदद की गयी. बिहार को आगे ले जाने में नीतीश कुमार और लालू प्रसाद का अहम योगदान है.

नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि एक साल में मोदी ने शो बाजी के अलावा कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा कि पहले नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को चेतावनी देते थे लेकिन आज जब वे सत्ता में हैं तो क्या हो गया है. बार्डर पर देश के जवान मारे जा रहे हैं. पाकिस्तान की गोलाबारी में आम नागरिक भी मारे जा रहे हैं. मोदी ने अपना 56 इंच का सीना दिखा कर देश के लोगों से झूठा वादा किया.

अन्य नेताओं के बोल
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि हमे केंद्र में परिवर्तन की लहर बिहार से ही शुरू करनी होगी. वहीं, कांग्रेस नेता गुलाम नबी अजाद ने कहा कि पिछले साल जिस-जिस ने नरेंद्र मोदी पर विश्वास किया वह आज रो रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह का वादा नरेंद्र मोदी ने बिहार से किया है इसी तरह का वादा उन्होंने कश्मीर में बाढ़ पीडितों से किया था. आज तक कश्मीर को वह पैकेज नहीं मिला है. इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी के पैकेज चुनावी पैकेज होते हैं.

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा
कि बिहार की धरती वीरों की धरती है. इस धरती पर संत भी पैदा हुए हैं. इस ऐतिहासिक मैदान में बड़े-बड़े फैसले लिये गये. उन्होंने नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि एक साल पहले कुछ लोगों ने झूठा जादू किया था लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा. हमें बिहार से परिवर्तन की शुरु आत करनी है. उन्होंने कहा कि लखनऊ में मुझसे नेता जी ने कहा कि बिहार की जनता को बता देना की गंठबंधन को मजबूत करना है. प्रधानमंत्नी केवल विदेशों का दौरा करते हैं लेकिन देश के लिए कुछ लेकर नहीं आते हैं. प्रधानमंत्नी ने जो जादू किया था वह फेल हो चुका है. यह बिहार की जनता ने आज यहां बता दिया है.

रघुवंश प्रसाद ने कहा
स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए रघुवंश प्रसाद ने कहा कि यह रैली नहीं रैला है. रैली तो भाजपा वालों की होती है. इस रैला में नीतीश-लालू और शरद यादव मौजूद हैं, इसलिए यह बड़ा रैला है. प्रधानमंत्नी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि डीएनए वाली टिप्पणी पर उनको माफी मांगनी होगी.

केसी त्यागी के बोल
स्वाभिमान रैली के पहले जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि यदि एनसीपी भी इस रैली में साथ रहती तो अच्छा होता. आपको बता दें कि गंठबंधन के द्वारा सीट बंटवारे को लेकर एनसीपी नाराज है. वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि आज मोदी जी की हर रैली का जवाब दिया जा रहा है. नरेंद्र मोदी की टिप्पणी का जवाब बिहार की जनता ने दिया. उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी के बिहार के डीएनए पर की गयी टिप्पणी को गंठबंधन ने मुद्दा बनाया है. इसके लिए गांधी मैदान में महागंठबंधन की रैली के दौरान डीएनए सैंपल कलेक्शन के लिए कुल 80 काउंटर भी लगाये गये. इसमें रैली में आनेवाले लोगों का डीएनए का सैंपल (सिर का बाल व नाखून) लिया गया जिसे प्रधानमंत्नी नरेंद्र मादी को भेजा जायेगा.

इससे पहले स्वाभिमान रैली में भाग लेने कार्यकर्ता गांधी मैदान की ओर सुबह से ही कूच करने लगे थे. रैली में आये कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था. मंत्नी और सांसदों के आवास पर कार्यकर्ताओं के लिए व्यवस्था की गयी. जैसे-जैसे रैली का समय नजदीक आ रहा है लोगों की भीड़ सड़कों पर बढ़ती जा रही थी. मंत्नी और सांसदो ने कार्यकर्ताओं के लिए नास्ता और खाने का प्रबंध आवास में किया. समर्थकों ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में काफी काम किया है इसलिए उन्हें जन समर्थन मिला. कड़ी धूप होने के वावजूद पटना शहर में सुबह से ही भीड़ देखी गयी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन