पकरीबरावां बाजार में जाम से बेहाल लोग, स्कूली बच्चों से लेकर मरीज तक जाम के कारण हो रहे परेशान
सड़क पर लगा भीषण जाम
Nawada News : सुबह से देर शाम तक वाहनों की लंबी कतार, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी. नवादा में जाम से हाहाकार, पढ़िए पूरी खबर.
नवादा से विश्वनाथ कुमार की रिपोर्ट
Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय स्थित पकरीबरावां मुख्य बाजार में जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है. सुबह से लेकर देर शाम तक बाजार क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए न तो स्थानीय प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से नियमित एवं प्रभावी पहल की जा रही है. ग्रामीणों और व्यवसायियों के अनुसार बाजार की मुख्य सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.
अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग ने बाजार को बनाया जाम का केंद्र
कई दुकानदार सड़क तक अपना सामान फैला देते हैं, जबकि वाहन चालक भी मनमाने ढंग से सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं. इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और थोड़ी सी भी भीड़ होने पर जाम लग जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में समय-समय पर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अभियान चलाए जाते थे, जिससे लोगों में नियमों का भय बना रहता था. लेकिन वर्तमान में ऐसी सक्रियता देखने को नहीं मिल रही है. लोगों का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस की ओर से नियमित निगरानी नहीं होने के कारण अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग लगातार बढ़ रही है. नागरिकों का कहना है कि जाम की समस्या केवल आम लोगों तक सीमित नहीं है. कई बार वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का काफिला भी बाजार में जाम के कारण प्रभावित हुआ है.
अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन सक्रिय, जल्द होगी भूमि की नापी
बावजूद इसके समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं दिख रही है. बाजार में जाम लगने से एंबुलेंस, स्कूल वाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी प्रभावित होते हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. व्यापारियों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं, जिसका असर कारोबार पर भी पड़ रहा है. वहीं ग्रामीणों को छोटे-छोटे काम के लिए बाजार पहुंचने में अनावश्यक समय बर्बाद करना पड़ता है. हालांकि अंचल अधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण से संबंधित वाद खोल दिया गया है. राजस्व कर्मचारी द्वारा जांच रिपोर्ट दिए जाने के बाद अमीन से भूमि की नापी कराई जाएगी. नापी के उपरांत अवैध अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार दो बार नोटिस दिया जाएगा और उसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर चौकस प्रशासन, शेखपुरा के सात केंद्रों पर परीक्षा, सघन जांच के बाद मिला प्रवेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










