डिप्टी सीएम ने बड़हिया को दी ₹5.45 करोड़ की सौगात

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 31 Mar 2026 6:46 PM

विज्ञापन

डिप्टी सीएम ने बड़हिया को दी ₹5.45 करोड़ की सौगात

विज्ञापन

वार्ड दो से लेकर वार्ड 24 तक विभिन्न मोहल्लों में जल निकासी व आवागमन सुदृढ़ करने पर जोर

लखीसराय. बिहार के उपमुख्यमंत्री-सह-नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बड़हिया में विकास कार्यों को नयी गति दी. महावीर जयंती के पावन अवसर पर उन्होंने भगवान महावीर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और समाज में शांति व सद्भाव का संदेश दिया. इसके उपरांत, नगर विकास एवं आवास विभाग (बुडको) के माध्यम से नगर परिषद बड़हिया के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु उन्होंने 5 करोड़ 44 लाख 99 हजार 784 की लागत वाली कुल नौ योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया. नगर परिषद क्षेत्र में जल निकासी और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए वार्ड सात व 12 में श्रीधर सेवा आश्रम से मुर्गी फार्म तक 75 लाख 22 हजार की राशि से सड़क व नाला निर्माण, वार्ड 10 से 16 तक एनएच-80 से गणेश मंदिर तक 99 लाख 95 हजार की राशि से आरसीसी नाला व सड़क निर्माण, वार्ड 11, 13, 15 व 10 में पकार टाल से शीतला स्थान तक 59 लाख 80 रुपये की राशि से निर्माण, वार्ड 21-22 में जुगल सिंह बंगला से बच्चन सिंह के घर तक 40.22 लाख, वार्ड 24 में विजय सिंह के बथान से रामविलास कुमार के घर तक 40.61 लाख और वार्ड 06 में मुरारी सिंह के घर से प्रेम कुमार के घर तक 15.32 लाख की राशि से पीसीसी सड़क निर्माण का उद्घाटन किया गया.

वहीं विपिन सिंह के घर से मुन्ना सिंह के घर के बीच नये पुल का 60.37 लाख की राशि से निर्माण एवं वार्ड दो में गुपेश महतो के बथान से एनएच-80 तक 78.33 लाख की राशि से सड़क व नाला निर्माण का शिलान्यास किया गया. जबकि यूको बैंक से सूर्यनारा बाबू के घर होते हुए मस्जिद तक 75.26 लाख की राशि से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया. ये सभी योजनाएं वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत हैं.

मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लखीसराय का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है. इन योजनाओं से नागरिकों को जलजमाव से मुक्ति मिलेगी और आवागमन सरल होगा. उन्होंने “आगे बढ़ता लखीसराय, विकसित हो लखीसराय ” के नारे के साथ अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला मंत्री अमित कुमार, बड़हिया नगर अध्यक्ष अमित कुमार, नरोत्तम कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम के समापन के बाद श्री सिन्हा ने लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में जन कल्याण संवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निवारण के निर्देश दिये.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन