आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में छात्राओं व महिलाओं ने किया जाम
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 27 May 2026 5:53 PM
दुष्कर्मी को फांसी दो'' के नारों से गूंजा सूर्यगढ़ा
-कजरा- सूर्यगढ़ा मुख्य पथ को मुस्तफापुर गांव के समीप स्कूली बच्चों एवं स्थानीय महिलाओं ने किया जाम -दुष्कर्मी को फांसी दो”” के नारों से गूंजा सूर्यगढ़ा सूर्यगढ़ा प्रखंड के मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ तीन दिन पूर्व हुए दुष्कर्म की घटना के बाद इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. बुधवार को यह आक्रोश सड़कों पर देखा गया. घटना से आक्रोशित सैकड़ों स्कूली बच्चों, छात्राओं और स्थानीय महिलाओं ने मुस्तफापुर के समीप कजरा-निस्ता मुख्य पथ को अपराह्न तीन बजे से लगभग एक घंटे तक जाम कर रखा. बीच सड़क पर धरने पर बैठी छात्राएं और महिलाएं दुष्कर्मी को फांसी दो, फांसी दो के नारे लगा रही थीं. जाम के कारण जाम स्थल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. त्वरित गिरफ्तारी के बाद भी जनता में उबाल मामले की गंभीरता को देखते हुए मानिकपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुस्तफापुर निवासी राहुल कुमार को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस की इस तत्परता के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है. बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे पीड़िता के गांव की सैकड़ों छात्राएं और महिलाएं सड़क पर उतर आयी. जाम कर रहे लोगों का कहना था कि महज जेल भेजना काफी नहीं है. सरकार और प्रशासन इस मामले का स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) कराकर दरिंदे को फांसी की सजा दे. अगर कानून उसे कड़ी सजा नहीं दे सकता, तो उसे हमारे हवाले किया जाय, हम उसे जिंदा जला देंगे. जेल से बेल पर छूटने के बाद ऐसे अपराधी समाज में खुलेआम घूमते हैं और दोबारा मासूमों को अपनी हवस का शिकार बनाते हैं. जाम की वजह से राहगीर परेशान सड़क जाम होने के करीब एक घंटे बाद मानिकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बूझाकर जाम हटवाया. जाम के कारण कजरा-निस्ता मार्ग पर यात्रियों और स्कूली वाहनों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










