''अमृत भारत योजना'' के तहत होगा बड़हिया स्टेशन का कायाकल्प
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 31 Mar 2026 7:37 PM
'अमृत भारत योजना' के तहत होगा बड़हिया स्टेशन का कायाकल्प
दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम राजीव कुमार ने परख स्पेशल ट्रेन से पहुंचकर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया
तीसरी व चौथी रेल लाइन परियोजना को लेकर अलाइनमेंट व स्टेशन विस्तार पर अधिकारियों के साथ मंथन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मुख्य भवन का पुनर्निर्माण और उच्चस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की तैयारी
प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय व साफ-सफाई की स्थिति देख एडीआरएम ने सुधार हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बड़हिया. दानापुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) राजीव कुमार ने मंगलवार को किऊल-मोकामा रेलखंड स्थित बड़हिया रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे. एडीआरएम विशेष परख स्पेशल ट्रेन से स्टेशन पहुंचे, जहां स्टेशन प्रबंधक कौशल किशोर ने उनका स्वागत कर वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी. निरीक्षण के क्रम में एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था सहित यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं बुनियादी ढांचे की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए कई आवश्यक सुधारों को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.
एडीआरएम राजीव कुमार ने बताया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित तीसरी व चौथी रेल लाइन परियोजना की समीक्षा करना है. इसके तहत नयी लाइन के अलाइनमेंट, स्टेशन के विस्तार तथा मुख्य भवन के संभावित पुनर्निर्माण को लेकर गहन मंथन किया गया. साथ ही यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई योजनाओं पर भी चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि बड़हिया रेलवे स्टेशन का कायाकल्प “अमृत भारत स्टेशन योजना ” के तहत किया जायेगा, जिससे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए यात्रियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. एडीआरएम के आगमन को लेकर स्टेशन परिसर में सुरक्षा एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गयी थी. निरीक्षण के उपरांत उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










