पुलिस के लिए कोई भी जाति या धर्म नहीं होता

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Jun 2019 8:16 AM

विज्ञापन

ठाकुरगंज : मामूली से भूमि विवाद को दूसरा रंग देने का प्रयास ईद के दिन धुलाबाड़ी में किया गया. प्रशासन इस मामले में जल्द ही हर दोषी के चेहरे से नकाब उतार देगा. ये बातें जिला पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने गुरुवार को कही. वे ठाकुरगंज थाना में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रखंड के […]

विज्ञापन

ठाकुरगंज : मामूली से भूमि विवाद को दूसरा रंग देने का प्रयास ईद के दिन धुलाबाड़ी में किया गया. प्रशासन इस मामले में जल्द ही हर दोषी के चेहरे से नकाब उतार देगा. ये बातें जिला पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने गुरुवार को कही. वे ठाकुरगंज थाना में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रखंड के प्रबुद्धजनों को संबोधित कर रहे थे.

इस दौरान उन्होंने इशारों इशारों में मामले को हवा देने वालों के खिलाफ भी जल्द ही कार्रवाई किये जाने का अहसास करवाते हुए कहा कि प्रशासन तीन बिंदुओं पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए जांच को आगे बढ़ा रहा है. पहला ईदगाह के पास झंडा लगाने का मामले, दूसरा आदिवासियों को उकसाने का प्रयास और तीसरा पूर्व के भू-विवाद का इस मामले से संबंध.
उन्होंने सभी बिन्दुओं की जांच के साथ जल्द ही बुधवार की घटना का पर्दाफाश किये जाने का दावा करते हुए कहा कि चाय बागन में कब्जे के मामले को जिला प्रशासन ने बड़ी संजीदगी से लिया था और हम चाहते थे कि शांति पूर्वक मामला सुलझ जाये, इसके लिए हम सतत प्रत्यनशील थे़ लेकिन अचानक बुधवार की घटना ने मामले को नया रंग दे दिया़ उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विवाद पैदा करने वाले स्थानीय नहीं थे. जिन्हें तीर लगा वे सभी बाहरी थे. ईद के दिन वे क्या करने धुलाबाड़ी आये थे.
यह सब जांच में साफ हो जायेगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि एक भू-विवाद को दूसरा रंग देने का प्रयास किया गया जिसे इलाके के कई प्रबुद्ध जनों के प्रयास से हमने कामयाब नहीं होने दिया. इस दौरान आरक्षी अधीक्षक कुमार आशीष ने पूरे मामले में सोशल मीडिया को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा की मामले को हवा देने का काफी प्रयास किया गया लेकिन प्रशासन ने मामले को काफी अच्छे तरीके से हैंडल किया़ उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में जो भी लोग चिह्नित होंगे उन पर यदि कोई मामला पूर्व से है तो उन पर सीसीए लगाया जायेगा या गुंडा पंजी में उनका नाम डाला जायेगा.
माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को कतई नहीं बख्शा जायेगा़ एसपी कुमार आशीष इस दौरान सोशल मीडिया पर काफी नाराज दिखे और कहा की कुछ ग्रुप में गलत अफवाह फैलायी गयी़ सभी पर प्रशासन नजर रखे हुए है. उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए कोई भी जाति या धर्म नहीं होता. उनके लिए सिर्फ अच्छे या बुरे लोग होते हैं. उन्होंने भी इस दौरान तमाम जनप्रतिनिधियों एव बुद्धिजीवियों से मिले सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाय बागान के जितने भी मामले सामने आये है उसके मास्टरमाइंड को चिह्नित कर पुलिस उन्हें जेल भेजेगी. आदिवासियों को बहला फुसलाकर स्वार्थ सिद्ध करने वाले सीधे सलाखों के पीछे जायेंगे. इस मौके विधायक नौशाद आलम ने भी सभी लोगों को शांति बहाल किये जाने के लिए किये गये प्रयास की सराहना की ओर प्रशासन से भी कहा की बेघर आदिवासियों को चिह्नित कर उन्हें भूमि आवंटन करवाये ताकि ऐसी घटनाओं की पुर्नाविरती नहीं हो. इस दौरान पूर्व विधायक गोपाल अग्रवाल, मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, उपमुख्य पार्षद राजेश करनानी, मुश्ताक आलम, राजेश करनानी, मुखिया प्रतिनिधि मोहन सिंह , मुखिया प्रतिनिधि नौशाद आलम, सैयद आलम ने भी अपने विचार रखे.
वही इस दौरान उप विकास आयुक्त यशपाल मीणा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ अखिलेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर श्याम किशोर यादव, थाना अध्यक्ष आसिफ बेग, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीराम पासवान, अंचलाधिकारी उदय कृष्ण यादव, नागरिक एकता मंच के अध्यक्ष सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद नवीन यादव, बिजली सिंह, मो निजामुद्दीन, अहमद हुसैन, लल्लू मुखिया, शौकत अली, इमामुदिन, गुलाम मोहिउद्दीन, प्रमुख रजिया सुल्तान, हाजी अब्दुल रहीम, हाजी जहिदुर रहमान सहित सैकड़ो गणमान्य लोग मौजूद थे
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन