'तंग हो चुके थे, वो मेरे साथ अक्सर…' बिहार में अफसर को गोली मारने वाले ट्रक ड्राइवर का कबूलनामा पढ़िए

AGM की फाइल फोटो और गिरफ्तार अभियुक्त
बिहार के कटिहार में एफसीआई के एजीएम को गोली मारने वाले ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ड्राइवर ने बताया कि क्यों गोली मारी...
Bihar News: कटिहार में एफसीआइ के एजीएम को एक ट्रक ड्राइवर ने शनिवार को गोली मार दी थी. जिससे एजीएम गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे और इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है. पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में एजीएम की गोली शरीर से निकाली गयी और वो आइसीयू में भर्ती हैं. पुलिस ने इस केस के अभियुक्त ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. उसने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि गोली मारने का फैसला उसने क्यों किया. इस हमले के पीछे की वजह आखिर क्या थी.
एजीएम को गोली मारने वाले ट्रक ड्राइवर का कबूलनामा
राज्य खाद्य निगम के एजीएम ज्योति शंकर को ट्रक ड्राइवर शिवा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर गोली मारी थी. सोमवार को उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी जितेंद्र कुमार ने की है. इस हमले के पीछे की वजह भी सामने आयी है. पुलिस को हमलावर ट्रक ड्राइवर ने बताया है कि राइस मील से जो चावल वह लेकर आता था उसे एजीएम ज्योति शंकर रिजेक्ट कर देते थे. इतना ही नहीं, एजीएम पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप भी ट्रक ड्राइवर ने लगाए हैं. उसने बताया कि वो इन हरकतों से आक्रोशित था और गुस्से में उसने ये फैसला ले लिया. अपने दोस्त मिट्ठू के साथ बाइक पर सवार होकर वह शनिवार की शाम को आया और एजीएम ज्योति शंकर को गोली मार दी.
ALSO READ: बिहार में दो बच्चों की मां को महिला से हुआ प्यार तो कर ली शादी, भागने की थी तैयारी तो पहुंची पुलिस…
ड्राइवर का दोस्त भी धराया
इधर, घटना के बाद कटिहार एसपी ने एक एसआइटी का गठन किया था. इस मामले के आरोपित ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी थी. इस हमले में शिवा का साथ देने वाले उसके दोस्त मिट्ठु को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना में प्रयुक्त पिस्टल एवं बाइक भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.
पटना के रहने वाले हैं एजीएम ज्योति शंकर
एफसीआइ के एजीएम ज्योति शंकर पटना के कंकड़बाग के रहने वाले हैं. वर्तमान में वो तीनगछिया में रहते हैं. घटना की शाम वह अपने निजी काम से फुलवारी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान फुलवारी शिव मंदिर के मोड़ के पास घात लगाकर बैठे ट्रक ड्राइवर शिवा ने उन्हें गोली मार दी थी. घटनास्थल से एक गोली का खाली खोखा पुलिस को बरामद हुआ था. जख्मी एजीएम ने ही ट्रक ड्राइवर शिवा का नाम पुलिस को बताया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




