Motihari: 2028 तक पूरा होगा चंपारण के हवाई सेवा का सपना- सांसद डॉ. संजय जायसवाल

Published by :Sarfaraz Ahmad
Published at :09 May 2026 9:24 PM (IST)
विज्ञापन
Raxaul airport project inspection

प्रेस वार्ता में सांसद डॉ. संजय जायसवाल

चंपारण के लोगों का हवाई सफर का सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है. रक्सौल एयरपोर्ट का रनवे पटना एयरपोर्ट से भी बड़ा होगा और 2028 तक यहां से उड़ान सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. पढ़ें पूरी खबर और जानें इस मेगा प्रोजेक्ट की खास बातें...

विज्ञापन

Motihari News: चंपारण के लोगों का लंबे समय से देखा जा रहा हवाई सेवा का सपना अब जल्द पूरा होता नजर आ रहा है. पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2028 तक रक्सौल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू हो जाएगी. उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले चंपारण के पहले एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है.

डीपीआर के लिए टेंडर जारी

रक्सौल हवाई अड्डा परिसर के पास एसएसबी 47वीं वाहिनी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि एयरपोर्ट की अंतिम डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी हो चुका है, जो जून 2026 तक फाइनल हो जाएगा.

उन्होंने कहा कि चयनित कंसल्टेंसी कंपनी चार महीने के भीतर डीपीआर तैयार करेगी. इसके बाद निर्माण एजेंसी को काम सौंपा जाएगा और 18 माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. अगले दो माह में विमानों की लैंडिंग, टेकऑफ और एटीआर टावर कंट्रोल समेत अन्य तकनीकी परीक्षण किए जाएंगे.

पटना एयरपोर्ट से बड़ा होगा रनवे

सांसद ने बताया कि रक्सौल एयरपोर्ट का रनवे 2360 मीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट से 360 मीटर ज्यादा है. उन्होंने कहा कि यहां ए-320 जैसे बड़े जेट विमान भी आसानी से उतर सकेंगे.

उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल करीब 60 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण हो चुका है और बाकी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी.

फोर लेन सड़क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

डॉ. जायसवाल ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से पहले मोतिहारी, बेतिया और रक्सौल के बीच फोर लेन सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा. इससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी.

उन्होंने कहा कि जैसे दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट को पहचान मिली, वैसे ही रक्सौल एयरपोर्ट भी बिहार के प्रमुख एयरपोर्ट में शामिल होगा और यहां से देश के बड़े शहरों के लिए विमान सेवा संचालित की जा सकेगी.

नेताओं ने किया स्थल निरीक्षण

प्रेस वार्ता से पहले सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, नरकटिया विधायक विशाल साह और चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह के साथ एयरपोर्ट स्थल का निरीक्षण किया.

इस दौरान उन्होंने रनवे निर्माण की प्रस्तावित जगह का जायजा लिया और अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली.

रक्सौल पूर्वी चंपारण से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन