दो महीने पहले ही शहर में नाला उड़ाही का काम शुरू, बरसात आते ही खुलती पोल

जलजमाव से मुक्ति की तैयारी, नगर पर्षद ने शुरू किया नालों की सफाई का अभियान
फोटो 4 जलजमाव से मुक्ति की तैयारी, नगर पर्षद ने शुरू किया नालों की सफाई का अभियान = हर साल बरसात से पहले नाले की होती है सफाई, पर बारिश होते ही नाले हो जाते हैं ओवरफ्लो = मुख्य नालों का क्षतिग्रस्त होना व स्थायी अतिक्रमण हर वर्ष बनता रहा है सफाई में अवरोधक भभुआ सदर. बरसात का मौसम आने में अभी लगभग दो महीने से अधिक का समय है, लेकिन भभुआ नगर पर्षद द्वारा अभी से ही शहर को बरसात के समय पानी से डूबने से बचाने के लिए शुरुआती स्तर से नाला उड़ाही का काम शुरू करा दिया गया है. हालांकि, हर साल बरसात से पहले नप द्वारा युद्ध स्तर पर नाला उड़ाही का काम शुरू किया जाता है और दावा किया जाता है कि इस बरसात शहर को डूबने नहीं दिया जायेगा, लेकिन हर साल बरसात आते ही नगर पर्षद के इन दावों की पोल किश्तों में खुलने लगती है और इसका खामियाजा शहरवासियों को एकता चौक, सदर अस्पताल सहित जगह जगह लगने वाले भारी जलजमाव के रूप में भुगतना पड़ता है. इस बार भी बरसात से पहले नगर पर्षद के अधिकारी शहर को जलजमाव से मुक्त करने के दावे कर रही है. इस दावे को साबित करने के लिए पिछले एक सप्ताह से नप अपने पूरे दल बल व जेसीबी, ट्रैक्टर आदि के साथ नालों की साफ-सफाई में जुट गयी है, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी शहर के विभिन्न इलाकों में नाले पर अतिक्रमण और क्षतिग्रस्त बड़े नाले इसमें बाधा बन रहे हैं. जहां अतिक्रमण के कारण भी कई जगह नाले की पूरी तरह से साफ सफाई नहीं हो पा रही है. = सभी प्रमुख नालों में लगा है गंदगी का अंबार दरअसल, नगर पर्षद के दायरे में शहर में लगभग दो दर्जन से अधिक छोटे और बडे़ नाले आते हैं, जो साल भर मोटी सिल्ट और गंदगी से पटे रहते हैं. जमा गंदगी के कारण पानी के ऊपर कूड़े की मोटी परत बन चुकी है. इसके अलावेा कई जगह पुराने हो चुके नाले की दीवारों को चूहों द्वारा खोद दिया गया है, जिसके चलते कई जगह कंक्रीट का मलबा नाले में गिरकर अवरोध पैदा कर रहा है. अब ऐसे में जरा सी बारिश में नाले के पानी के साथ साथ सारी गंदगी भी सड़क पर आ जाती है. हालांकि, इस गंदगी को साफ करने के लिए अभी से नप ने अभियान शुरू कर दिया है, जो जून माह के अंत तक चलेगा. = अतिक्रमण से रुक सकता है अभियान वैसे शहर में फिलहाल मुख्य नाला और भभुआ थाना से सुवरन नदी तक बने नाले, एकता चौक से जय प्रकाश चौक और एकता चौक से अखलासपुर स्टैंड तक बने प्रमुख नालों पर पूरी तरह से अतिक्रमणकारियों ने कब्जा जमा रखा हैं. जबकि, गली मोहल्लों में बने नालियों पर भी क्षेत्रीय लोगों ने कब्जा जमाया हुआ है, जिस कारण से नालों के सफाई अभियान पर ब्रेक लग रहा है. अतिक्रमण के कारण नाले में परत दर परत जमा गंदगी व कूड़े को हटाने में परेशानी आ रही है. नगर पर्षद के सफाई निरीक्षक संजीव राज झिलमिल ने बताया कि फिलहाल शुरुआती स्तर पर कर्मियों के साथ नालों की सफाई करायी जा रही हैं. लेकिन, देवी जी रोड में जिला पर्षद की दुकान नाले पर बना होने और दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किये जाने से सफाई अभियान में दिक्कत आ रही है. निरीक्षक का कहना था कि कुछ ऐसा ही एकता चौक से मुनि सिंह की गली होते निकले नाले का हैं. यहां, मुख्य नाले पर ही जिला पर्षद की दुकान बनवा देने से नाले की अंदर से सफाई नहीं हो पाती है. जबकि, एकता चौक से अखलासपुर बस स्टैंड तक मुख्य नाला कई जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसके चलते भी सफाई कराने में दिक्कत आ रही है. = बरसात के पानी में डूब जाते हैं कई वार्ड शहर का एकता चौक हो, फिर कचहरी रोड हो या फिर चकबंदी रोड बरसात के मौसम में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वहां के लोगों के घरों तक में जल जमाव हो जाता है. जबकि, शहर के प्रोफेसर कॉलोनी का पिछला हिस्सा, आंबेडकर नगर आदि वार्डों में भी पानी के निकासी की समस्या गंभीर है. यदि नालों की सफाई समय रहते नहीं की गयी तो बरसात में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है. इसको देखते हुए शहर के सभी नालों की साफ सफाई करायी जा रही है. इसके अलावा भी कई जगहों पर पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती है. ऐसी परिस्थिति में लोगों का घर से निकलना तक दूभर हो जाता है. अगर इस बार नालों की सफाई सही ढंग से हो जाती है तो लोगों को बरसात में काफी राहत मिलेगी. = बोले इओ बरसात से पूर्व शहर में नालों की हो रही साफ सफाई पर नगर पर्षद के इओ संजय उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल अभी शुरुआत हुई है, जल्द ही शहर में दिन रात नालों की सफाई करायी जायेगी. नगर पर्षद का सामूहिक प्रयास हैं कि इस बार बारिश के मौसम में शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से जूझना नहीं पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




