कैमूर में दहेज नहीं मिला तो विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, जान से मारने की कोशिश की शिकायत
चैनपुर थाना | Prabhat Khabar Network
चैनपुर में पांच लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति और सास-ससुर पर केस दर्ज किया।
kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव की एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. विवाहिता की शिकायत पर चैनपुर थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग का आरोप
सिरसी गांव निवासी दिनेश राम की पुत्री ज्योति कुमारी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि उसकी शादी 13 मई 2026 को दुर्गावती थाना क्षेत्र के गोविंदनाथपुर गांव निवासी गुल्लू राम के पुत्र अरविंद कुमार सांवरिया के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. विवाह के दौरान उसके पिता की ओर से तीन लाख रुपये नकद, करीब एक लाख रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, चांदी की अंगूठी, चांदी की कलाई चेन समेत अन्य सामान दिये गये थे.
पांच लाख रुपये और मायके से लाने का दबाव
विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के कुछ दिनों बाद ही पति अरविंद कुमार, ससुर गुल्लू राम और सास हीरामणि देवी की ओर से पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मायके से लाने का दबाव बनाया जाने लगा. उसने अपने पिता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कही, लेकिन आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गयी.
साड़ी का फंदा लगाकर जान लेने के प्रयास का आरोप
विवाहिता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 25 जुलाई को पति और सास-ससुर ने साड़ी का फंदा लगाकर उसकी जान लेने का प्रयास किया. इस दौरान पति पर सीने पर चढ़कर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है. विवाहिता के अनुसार, वह किसी तरह वहां से बचकर अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
इलाज के बाद थाने पहुंची विवाहिता
घटना के बाद परिजनों ने विवाहिता का इलाज कराया. इसके बाद उसने चैनपुर थाने में आवेदन देकर ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विवाहिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










