कैमूर: शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर पथराव, चार नामजद समेत 11 पर केस
भगवानपुर थाना | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर के हरिपुर गांव में शराब के अवैध कारोबार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव, चार लोग गिरफ्तार, मामला दर्ज।
Kaimur News : स्थानीय थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में रविवार की रात शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार घर में शराब रखकर अवैध कारोबार किये जाने की सूचना पर टीम गांव पहुंची थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया. मामले में चार नामजद समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ भगवानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
पुलिस के पहुंचते ही शुरू हो गया पथराव
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरिपुर गांव में शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम रविवार की रात कार्रवाई के लिए गांव पहुंची. पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोगों ने टीम पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया. अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गयी. हालांकि पुलिसकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई जारी रखी.
चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों में मनोज बिंद, पिता रामकृत बिंद, गुजराती देवी, पति नचक बिंद, एक विधि-विरुद्ध किशोरी, पिता रामकृत बिंद तथा तेतरी देवी, पति रामकृत बिंद शामिल हैं. पुलिस ने मामले में सात अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया है.
पुलिस पर पथराव और कानून हाथ में लेने का आरोप
पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आरोपितों पर पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार, पथराव करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने का आरोप लगाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपितों की पहचान करने में जुटी है.
तीन साल पहले भी हुई थी पथराव की घटना
बताया जाता है कि हरिपुर गांव में शराब के अवैध कारोबार को लेकर पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं. करीब तीन वर्ष पूर्व भी इसी गांव में वन विभाग और पुलिस की टीम पर पथराव की घटना सामने आयी थी. लगातार इस तरह की घटनाओं के सामने आने से पुलिस कार्रवाई को लेकर गांव में चर्चा है.
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय रहते कड़ी कार्रवाई जरूरी है. यदि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका मनोबल बढ़ सकता है और भविष्य में दूसरे गांवों में भी ऐसी घटनाएं होने की आशंका बनी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










