युवक को पैसे देने का वीडियो वायरल होने के बाद कुदरा थाने के दारोगा शंभू भगत निलंबित
Published by : Vikash Kumar Updated At : 22 Apr 2026 8:58 PM
KAIMUR NEWS.स्थानीय प्रखंड के मेउड़ा पैक्स चुनाव की मतगणना के दौरान एक पुलिसकर्मी की ओर से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किये जाने के मामले में कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने पुलिस अधिकारी शंभू भगत को निलंबित कर दिया है. जहां शंभू भगत द्वारा पैसे देने का स्क्रीनशॉट और एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो और स्क्रीनशॉट से मचा हड़कंप, डीएसपी को सौंपी गयी जांच
कुदरा.
स्थानीय प्रखंड के मेउड़ा पैक्स चुनाव की मतगणना के दौरान एक पुलिसकर्मी की ओर से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किये जाने के मामले में कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने पुलिस अधिकारी शंभू भगत को निलंबित कर दिया है. जहां शंभू भगत द्वारा पैसे देने का स्क्रीनशॉट और एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि इसकी पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. वीडियो में देखा जा रहा है कि बीते सोमवार की शाम कुदरा प्रखंड कार्यालय परिसर में एक युवक पुलिस अधिकारी का वीडियो बना रहा है और कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि “हम देख लिये हैं, हल्ला कर देंगे, नहीं तो हमें 10 हजार रुपये दीजिए.” इसके बाद पुलिस अधिकारी द्वारा पुनीत कुमार के खाते में ऑनलाइन 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया गया. अब पैसे देने का स्क्रीनशॉट और वीडियो दोनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इधर, कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिये हैं. प्रारंभिक कार्रवाई के तहत पुलिस अधिकारी शंभू भगत को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.डीएम और एसपी से की गयी थी शिकायत
कुदरा प्रखंड के मेउड़ा पैक्स के मतदान के बाद हुई मतगणना में छठ्ठू पासवान ने जीत हासिल की थी. वहीं हारे प्रत्याशी दिलीप कुमार पासवान ने नामांकन से लेकर मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए कैमूर जिलाधिकारी और एसपी को आवेदन देकर जांच व कार्रवाई की मांग की थी. साथ ही मतगणना में पैसे लेने का आरोप भी लगाया गया था, जिसमें वायरल वीडियो का भी जिक्र किया गया था. ऐसे में वरीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही थी. फिलहाल एसपी द्वारा पैसे देने वाले पुलिस अधिकारी शंभू भगत को निलंबित कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
क्या कहते हैं एसपी
इस संबंध में कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि कुदरा थाना के दारोगा शंभू भगत को निलंबित किया गया है. प्रथम दृष्टया वीडियो में जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं, उसमें युवक द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है और दारोगा द्वारा पैसे दिए जाने की बात सामने आयी है. इससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. जांच प्रभावित न हो, इसलिए उन्हें निलंबित किया गया है. मोहनिया डीएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










