डड़वा ने सरैला को हराकर नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता

नेहाल बने मैन ऑफ द मैच व सैफ को मिला मैन ऑफ द सीरीज का खिताब
नेहाल बने मैन ऑफ द मैच व सैफ को मिला मैन ऑफ द सीरीज का खिताब कर्मनाशा. दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के करारी गांव स्थित किला मैदान में आयोजित नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार की रात खेला गया. इसमें डड़वा (कैमूर) की टीम ने सरैला (गाजीपुर) को 1-0 से हराकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. टूर्नामेंट का शुभारंभ 15 अप्रैल को हुआ था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया था. शानदार प्रदर्शन करते हुए डड़वा और सरैला की टीमों ने फाइनल में अपनी जगह बनायी थी. शनिवार की रात आठ बजे शुरू हुए इस फाइनल मैच में दोनों टीमों ने 30-30 मिनट का खेल खेला. समापन समारोह के मुख्य अतिथि नारायणा मेडिकल कॉलेज, जमुहार के प्रिंसिपल डॉ पुनीत सिंह व बाबा क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ परवेज आलम ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया. फाइनल मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं. दूसरे हाफ में डड़वा की टीम ने एकमात्र निर्णायक गोल दागकर बढ़त बना ली और अंत तक इसे बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की. सरैला की टीम ने बराबरी के लिए काफी प्रयास किये, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी. समापन के अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. मैच में निर्णायक की भूमिका अलीवर्दी खान ने निभायी, जबकि मंच का संचालन इमरान खान द्वारा किया गया. टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नेहाल को मैन ऑफ द मैच तथा सैफ को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया. इस मौके पर एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष हनीफ खान, सरपंच वसीम खान, पूर्व सरपंच अरस्तु खान व आयोजन समिति के तबरेज खान, कामरान खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




