विश्व मलेरिया दिवस पर दिया जायेगा जागरूकता का संदेश

सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बैनर पोस्टर के माध्यम से किया जायेगा जागरूक
=सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बैनर पोस्टर के माध्यम से किया जायेगा जागरूक रैली, क्विज व ड्राइंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को किया जायेगा जागरूक. भभुआ सदर. जिले में 25 अप्रैल को मनाये जाने वाले विश्व मलेरिया दिवस के लिए व्यापक तैयारियां की जायेंगी. इस संदर्भ में अपर निदेशक-सह-राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम डॉ नरेंद्र कुमार सिन्हा ने जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी को पत्र जारी कर जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने का निर्देश दिया है. विश्व मलेरिया दिवस पर इस वर्ष “ड्रिवेन टू एंड मलेरिया: नाउ वी कैन. नाउ वी मस्ट.” को थीम के रूप में चुना गया है. दिवस की सफलता के लिए अंतर्विभागीय सहयोग लेने पर बल दिया गया है. जारी किये गये पत्र में बताया गया है कि सदर अस्पताल भभुआ, अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया सहित सभी प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केंद्रों पर संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये, जिससे मलेरिया से बचाव व उपचार संबंधित जानकारियों से जन समुदाय को अवगत कराया जा सके. साथ ही जिला स्तर पर जिला टास्क फोर्स की बैठक भी आयोजित की जायेगी. इसके अलावा अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सफाईकर्मियों व अन्य का उन्मुखीकरण किया जायेगा. इसके अलावा विश्व मलेरिया दिवस पर जिला व प्रखंड स्तर पर विद्यालयों व स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से रैली, क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, ड्राइंग प्रतियोगिता आदि का आयोजन कर विद्यार्थियों को मलेरिया के बारे में बताया जायेगा. समाचार पत्रों व सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भी जागरूकता फैलाने का काम किया जायेगा. सिविल सर्जन डॉ चंदेश्वरी रजक ने बताया कि मलेरिया एक प्रकार का बुखार है जो किसी भी उम्र के लोगों को हो सकता है. यह बीमारी मच्छर के काटने से होती है व इसमें कंपकंपी के साथ 103 से लेकर 105 डिग्री तक बुखार होता है. कुछ घंटों के बाद पसीने के साथ बुखार उतर जाता है, लेकिन बुखार आते-जाते रहता है. ऐसे में समय रहते चिकित्सकों से संपर्क कर अपना इलाज शुरू करना चाहिये. जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया की जांच व उपचार की निःशुल्क व्यवस्था है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




