Gaya Ji News: सुधा डेयरी डकैती कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर ने किया सरेंडर

Published by : Vikas Jha Updated At : 26 May 2026 5:49 PM

विज्ञापन

सुधा डेयरी डकैती कांड का खुलासा करते डीएसपी- 1 सरोज कुमार शाह

Gaya Ji News: गया जी पुलिस ने सुधा डेयरी डकैती कांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं मुख्य सूटर ने वैशाली जिले में आत्मसमर्पण कर दिया है. आगे की जांच की जा रही है.

विज्ञापन

Gaya Ji News (संजीव कुमार सिन्हा): गया पुलिस ने रामपुर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती कांड का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी ने वैशाली जिले में आत्मसमर्पण कर दिया है.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब लूटी गई राशि और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस उपाधीक्षक नगर 01 सरोज शाह अपने कार्यालय में मंगलवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया.

15 मई को हुई थी डेयरी कार्यालय में डकैती

पुलिस उपाधीक्षक नगर 01 सरोज शाह ने कहा कि यह घटना 15 मई 2026 की है. सुधा डेयरी के कलेक्शन एजेंट ने रामपुर थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह पीएनबी बैंक के पीछे स्थित सुधा डेयरी कार्यालय में कलेक्शन की राशि जमा कर रजिस्टर में हिसाब दर्ज कर रहा था. इसी दौरान पांच अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिससे कलेक्शन एजेंट घायल हो गया. इसके बाद अपराधी कार्यालय में रखे करीब दो लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए.

घटना की गंभीरता को देखते हुए रामपुर थाना की पुलिस ने मामले को दर्ज कर कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया. वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम में रामपुर थाना पुलिस, तकनीकी शाखा और अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया था.

गुरुग्राम में छापेमारी कर किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. इसी क्रम में सूचना मिली कि डकैती में शामिल कुछ अपराधी हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पालम विहार थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने वहां छापेमारी की. पुलिस को देखकर चारों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र निवासी प्रिंस कुमार, लालगंज थाना क्षेत्र निवासी शंकर कुमार, भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार तथा लालगंज थाना क्षेत्र निवासी रोशन कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बनाई थी योजना

पूछताछ के दौरान आरोपी प्रिंस कुमार ने बताया कि वह गुरुग्राम में जोमैटो में काम करता था. वहीं उसकी पहचान अन्य अपराधियों से हुई थी. आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण सभी ने मिलकर लूट की योजना बनाई. योजना के तहत गया जिले के चांदौती थाना क्षेत्र में रहकर पूरी रणनीति तैयार की गई और सुधा डेयरी के कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाया गया.

मुख्य आरोपी ने वैशाली में किया आत्मसमर्पण

पुलिस उपाधीक्षक नगर 01 ने बताया की इस डकैती कांड में गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अमित यादव उर्फ राइफल यादव है, जिसने वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना में आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अब उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

आरोपियों पर हत्या, लूट समेत अन्य मामले दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. कई आरोपियों पर हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ हाजीपुर सदर थाना और अन्य थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं. गया पुलिस ने कहा है कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी, लूटी गई रकम की बरामदगी और हथियार जब्त करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

Also Read: Gaya Ji News: बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

विज्ञापन
Vikas Jha

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन