थानाध्यक्ष का माथा फूटा, हाथ की हड्डी टूटी, बीडीओ भी घायल

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 30 Apr 2016 8:21 AM

विज्ञापन

गुरुआ/शेरघाटी: गया जिले के गुरुआ-करमाइन रोड में शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे पचमह गांव के पास एक बेकाबू मैजिक वैन ने साइकिल सवार एक युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. उसकी पहचान नदियावां के करमू यादव (35) के रूप में हुई है. वह गुरुआ बाजार जा रहा था. […]

विज्ञापन
गुरुआ/शेरघाटी: गया जिले के गुरुआ-करमाइन रोड में शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे पचमह गांव के पास एक बेकाबू मैजिक वैन ने साइकिल सवार एक युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. उसकी पहचान नदियावां के करमू यादव (35) के रूप में हुई है. वह गुरुआ बाजार जा रहा था. युवक की मौत के बाद गांववालों ने स्टेट हाइवे-69 जाम कर दिया.

घटना से लोगों का आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि जाम में फंसे लोगों की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, सूचना पर पहुंचे गुरुआ बीडीओ बलवंत कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष प्रदीप किशोर सिन्हा, सीओ रेमिश केरकेटा व अन्य पदाधिकारियों पर भी हमला बोल दिया. इसी बीच, कुछ लोग पथराव भी करने लगे. गुस्साये लोगों के हमले में थानाध्यक्ष का सिर फूट गया व हाथ की हड्डी टूट गयी. पथराव व धक्का-मुक्की में बीडीओ व दो अन्य जवान घायल हो गये.

मामले को गंभीर होता सुन शेरघाटी एसडीओ ज्योति कुमार व डीएसपी उपेंद्र प्रसाद भी काफी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़ा. डीएसपी ने बताया कि पथराव को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसमें कुछ उपद्रवियों को भी चोटें आयी हैं. पथराव में घायल थानाध्यक्ष का पहले शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में उपचार कराया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. डीएसपी ने बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, स्थिति नियंत्रण में है. इस मामले में एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि रोड जाम कर पदाधिकारियों पर पथराव करनेवालों की पहचान कर कई लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है. साथ ही, मामला दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है.

पीड़ित परिवार को मिली सहायता राशि
इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया व घटना के लिए जिम्मेवार मैजिक वैन को जब्त कर लिया. शेरघाटी एसडीओ ने बताया कि मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये दिये गये और मैजिक वैन के बीमा के माध्यम से मिलनेवाले रुपये भी पीड़ित परिवार को दिलाने का प्रयास किया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन