गया एयरपोर्ट : घर जा चुके कर्मियों को वापस बुलाकर एक्टिव किया एटीसी, सेना के जवान की जान बचाने के लिए हुई नाइट लैंडिंग

Published by : JITENDRA KUMAR Updated At : 14 May 2026 8:15 PM

विज्ञापन

गया एयरपोर्ट

गया एयरपोर्ट पर नियमों और तय समय-सीमा से ऊपर उठकर इंसानियत की एक बड़ी मिसाल पेश की गई है. एक गंभीर रूप से बीमार जवान की जान बचाने के लिए मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए रात के समय एयरपोर्ट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को विशेष रूप से खोला गया.

विज्ञापन

Gaya News : बोधगया (कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट). गया एयरपोर्ट पर नियमों और तय समय-सीमा से ऊपर उठकर इंसानियत की एक बड़ी मिसाल पेश की गई है. एक गंभीर रूप से बीमार जवान की जान बचाने के लिए मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए रात के समय एयरपोर्ट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को विशेष रूप से खोला गया. इस त्वरित पहल से मरीज को एयर एंबुलेंस के जरिए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा जा सका.

ओटीए के जवान का फेल हो गया था लीवर

जानकारी के अनुसार, गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में तैनात दक्षिण भारत के रहने वाले जवान सेलवन अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे. बताया जा रहा है कि उनका लीवर फेल हो गया था और उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की अत्यंत आवश्यकता थी. स्थिति बिगड़ने पर एयरलिफ्ट का फैसला लिया गया.

इमरजेंसी एयरलिफ्ट के लिए एक्टिव हुआ एटीसी

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार देर शाम बिहटा एयरफोर्स स्टेशन से स्क्वाड्रन लीडर एसपी सिंह और OTA के एमएच से लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर ने गया एयरपोर्ट के डायरेक्टर सह एटीसी इंचार्ज अवधेश कुमार से संपर्क किया. उन्होंने इमरजेंसी एयरलिफ्ट के लिए एयरपोर्ट को एक्टिव करने का आग्रह किया. गौरतलब है कि गया एयरपोर्ट का एटीसी टावर शाम 5:30 बजे ही बंद हो जाता है. शुरुआत में समय-सीमा समाप्त होने के कारण एटीसी को खोलने को लेकर असमंजस की स्थिति थी, लेकिन मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर ने नाइट लैंडिंग की विशेष स्वीकृति दे दी.

घर लौट चुके कर्मियों को बुलाया गया वापस

विशेष अनुमति मिलने के बाद ड्यूटी खत्म कर घर जा चुके तकनीशियनों और एटीसी अधिकारियों को तुरंत वापस बुलाया गया और सिस्टम को पूरी तरह से एक्टिव किया गया. रात करीब 10 बजे लखनऊ से एयरफोर्स की विशेष एयर एंबुलेंस गया एयरपोर्ट पर लैंड हुई और मरीज को सुरक्षित लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई.

सिस्टम का मानवीय चेहरा, पहले भी पेश की है मिसाल

गया एयरपोर्ट पर इस तरह की मानवीय पहल का यह कोई पहला वाकया नहीं है. पिछले महीने ही इंडिगो की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के टेकऑफ से ठीक पहले मानपुर के एक यात्री को अपने पिता के निधन की दुखद सूचना मिली थी. यात्री की मानसिक स्थिति और मजबूरी को समझते हुए इंडिगो के पायलट और एयरपोर्ट प्रबंधन ने उड़ान भरने से ठीक पहले विमान को रनवे से वापस पार्किंग बे में लाकर खड़ा कर दिया था, ताकि यात्री अपने पिता के अंतिम दर्शन कर सके.

विज्ञापन
JITENDRA KUMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA KUMAR

JITENDRA KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन