RE-NEET परीक्षा को लेकर बेगूसराय प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, इन 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा
DM के साथ बैठक में निर्देश सुनते अधिकारी
RE-NEET Exam News : 8 केंद्रों पर 3,896 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने या अवैध साधनों के प्रयोग पर सरकारी परीक्षा अधिनियम 2024 के तहत होगी कार्रवाई.
RE-NEET Exam News : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यूजी की पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष,पारदर्शी,सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में दंडाधिकारियों,पुलिस पदाधिकारियों,केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक की है. बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि नीट देश की सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है.
बेगूसराय में 3,896 परीक्षार्थी देंगे RE-NEET, प्रशासन ने किए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम
इसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें. जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 08 परीक्षा केंद्रों पर पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी,जहां 3,896 परीक्षार्थी शामिल होंगे. सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था,दंडाधिकारी,पुलिस बल एवं प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था की गई है. प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी,जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा केंद्रों पर 2 मेगापिक्सेल क्षमता वाले हाई-रेजोल्यूशन आईपी आधारित लाइव सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के कंट्रोल रूम से भी की जाएगी. इसके अलावा सभी केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाए गए हैं तथा मुख्य प्रवेश द्वार और अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया की अनिवार्य वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य, नियम तोड़ने पर केंद्र में नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षा कार्य में लगे किसी भी कर्मी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखने की अनुमति नहीं होगी. जिला प्रशासन के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर वैद्य दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा.जिसमें रंगीन एडमिट कार्ड,4×6 इंच का पोस्टकार्ड साइज फोटो,एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो,वैध मूल फोटो पहचान पत्र को साथ लाना है. वहीं पेन,पेंसिल,कैलकुलेटर,घड़ी,बेल्ट,आभूषण अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के लिए आवश्यक काला बॉल पेन एनटीए द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा.कहा कि अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा. प्रशासन ने परीक्षार्थियों को आधी बांह के साधारण कपड़े तथा चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी है.
केंद्रों के 500 मीटर दायरे में जमावड़े पर रोक
जिला पदाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आवश्यक निषेधात्मक आदेश लागू किए गए हैं.परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़, जमावड़ा एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही फोटोकॉपी एवं साइबर कैफे प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना या आपात स्थिति के लिए कारगिल विजय सभा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है.इसका दूरभाष नंबर 06243-222835 जारी किया गया है. परीक्षा के जिला नोडल पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी को संपूर्ण परीक्षा संचालन की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अवैध साधनों के प्रयोग पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में कदाचार,प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने,अवैध साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सरकारी परीक्षा अधिनियम, 2024 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें,समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. प्रशासन ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के समन्वित प्रयास से नीट यूजी पुनर्परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष,पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा.
Also Read : 12 करोड़ से बना अस्पताल बदहाली का शिकार, कभी बिहार-झारखंड का आधुनिक अस्पताल, आज सन्नाटे और उपेक्षा का गवाह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










