बेगूसराय सामूहिक दुष्कर्म मामला: पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचे तेजस्वी यादव, बोले- 'मौजूदा सरकार में महिलाएं असुरक्षित'

Edited by YUVRAJ RATAN
Updated:
विज्ञापन

पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचे तेजस्वी यादव की तस्वीर

Begusarai News : तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा, अमानवीय घटनाओं पर जताई नाराज़गी. सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात के बाद सरकार पर हुए आक्रामक। नीचे पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन

Begusarai News : बेगूसराय में आपराधिक घटनाओं को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. बुधवार देर शाम बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात की और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिहार में हत्या, अपहरण और आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है.

मुकेश सहनी का हमला,बोले- बिहार की कानून-व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बेगूसराय गैंगरेप मामले और भोजपुर के कथित फर्जी एनकाउंटर को लेकर बिहार सरकार एवं प्रशासन पर तीखा हमला बोला. सहनी ने कहा कि बेगूसराय की सामूहिक दुष्कर्म की घटना और भोजपुर का कथित फर्जी एनकाउंटर बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के बीच कानून का भय समाप्त होता जा रहा है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पीड़ितों को न्याय दिलाने और राज्य में कानून का राज स्थापित करने की होनी चाहिए. एनडीए नेताओं के अलग-अलग बयानों पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन के भीतर ही घटनाओं को लेकर भिन्न-भिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

अस्पताल में पीड़िता से मिलते मुकेश सहनी

तेजस्वी यादव का आरोप-‘राज्य में कानून-व्यवस्था चरमराई, अपराधियों के हौसले बुलंद’

बुधवार देर शाम बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना. पीड़िता और उसके परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने न्याय दिलाने का भरोसा दिया. मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में हत्या, लूट, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि बेगूसराय की यह घटना बेहद दर्दनाक और अमानवीय है तथा दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए. साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की.

मामले में अबतक चार धराए, अन्य की तलाश जारी

बेगूसराय पुलिस ने मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था.इसके बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया है. अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं मामले में फरार चल रहे एक आरोपी के घर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया है और उसे जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

बेगूसराय गैंगरेप कांड अब केवल एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह न्यायिक सक्रियता, राजनीतिक बहस और प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बन चुका है. एक ओर न्यायपालिका पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता दिखा रही है, वहीं विपक्ष सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है. दूसरी ओर पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है. पूरे मामले पर अब राज्य ही नहीं,बल्कि देशभर की नजरें टिकी हुई हैं.

Also Read : बेगूसराय में हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी के कर्मी से बैग लूटा, व्यवसायी समुदाय में बढ़ी चिंता

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन