बेगूसराय में हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी के कर्मी से बैग लूटा, व्यवसायी समुदाय में बढ़ी चिंता
प्रतीकात्मक तस्वीर
Begusarai Crime News : बेगूसराय में अपराधियों का आतंक, मुख्य पथ पर लूट की घटना से हड़कंप. स्वर्ण व्यवसायी के एक कर्मी से बैग लूट की घटना आई सामने. नीचे पढ़िए पूरी खबर.
बेगूसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट
Begusarai Crime News : खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ पर मंगलवार की देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी के एक कर्मी से बैग लूट लिया. घटना के दौरान अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, हालांकि बैग में नकदी और आभूषण नहीं होने के कारण बड़ी आर्थिक क्षति टल गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार तारा बरियारपुर निवासी मोहम्मद समीम के पुत्र जसीम छौड़ाही बाजार स्थित कपड़ा एवं स्वर्ण व्यवसायी सोनू कुमार के प्रतिष्ठान में कार्य करता है.
हथियार दिखा बैग छीनकर फरार हुए चार बदमाश
मंगलवार की शाम दुकान बंद होने के बाद वह सोना ज्वेलर्स के कर्मी रोसड़ा निवासी अमरान के साथ एक ही बाइक से अपने घर लौट रहा था. जसीम ने बताया कि चलकी चौक से ही दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक उनका पीछा कर रहे थे. पीड़ितों के अनुसार जैसे ही वे चलकी चौक से पश्चिम सुनसान स्थान पर पहुंचे, अपराधियों ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी. इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद एक अपराधी ने कमर से पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी और अमरान के हाथ में मौजूद बैग छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दो अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए.
चलकी चौक लूट के बाद छौड़ाही और पेट्रोल पंप की ओर भागे बदमाश
एक बाइक पर सवार अपराधी छौड़ाही की ओर भागे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार अपराधी दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक की दिशा में निकल गए. पीड़ितों ने बताया कि लूटे गए बैग में करीब 500 रुपये नकद, कुछ चाबियां तथा अन्य जरूरी कागजात और सामान थे. घटना के बाद दोनों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच-पड़ताल कर रही है. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है.
गश्ती व्यवस्था पर सवाल, व्यवसायियों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग
गश्ती दल को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है. पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि लगभग दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ लूट की बड़ी घटना हुई थी. उस समय अपराधियों ने गोली मारकर स्वर्ण आभूषण लूट लिए थे. एक बार फिर उसी इलाके में हुई लूट की घटना ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
Also Read : बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, डीएम ने दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










