डीएम लैपटॉप तो बीडीओ पायेंगे स्मार्ट फोन

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Sep 2018 1:16 AM

विज्ञापन

राज्य के ग्रामीण विकास विभाग ने की इसकी घोषणा सात नवंबर तक सामूहिक गृह प्रवेश अभियान को करना है पूरा बेगूसराय : डीएम व डीडीसी को लैपटॉप तो बीडीओ को पुरस्कार के तौर पर स्मार्ट फोन मिलेगा. पुरस्कार के साथ ही प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा. राज्य के ग्रामीण विकास विभाग ने इसकी […]

विज्ञापन

राज्य के ग्रामीण विकास विभाग ने की इसकी घोषणा

सात नवंबर तक सामूहिक गृह प्रवेश अभियान को करना है पूरा
बेगूसराय : डीएम व डीडीसी को लैपटॉप तो बीडीओ को पुरस्कार के तौर पर स्मार्ट फोन मिलेगा. पुरस्कार के साथ ही प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा. राज्य के ग्रामीण विकास विभाग ने इसकी घोषणा की है. बताया जा रहा है कि यह सम्मान व पुरस्कार 07 नवंबर के बाद दिये जायेंगे. लैपटॉप राज्य के तीन जिलों के डीएम व डीडीसी को मिलेंगे जो 07 नवंबर को होने वाले सामूहिक गृह प्रवेश के विशेष अभियान को सफल बनायेंगे उक्त अवधि के भीतर पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत अधूरे पड़े आवास निर्माण का कार्य पूरा करा पायेंगे.
इसी तरह 07 नवंबर तक अपने प्रखंडों में अधूरे मकान का पूर्ण कराने एवं गृह प्रवेश के विशेष अभियान को सफल बनाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के 10 प्रखंडों के बीडीओ को पुरस्कार के तौर पर स्मार्ट फोन व प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया जायेगा. ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अरविंद कुमार ने डीएम को पत्र लिखकर उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित व पुरस्कृत किये जाने की जानकारी दी है. इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास निर्माण की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा अधीनस्थ कर्मियों से क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करने को कहा गया है.
उल्लेखनीय है कि सामूहिक गृह प्रवेश अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी डीएम को सौंपी गयी है. आवास निर्माण के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर कोषांग का गठन करने सहित अधूरे मकान को पूरा करने के लिए लाभार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आवास योजना की राशि भुगतान करने के लिए आदेश विभाग के सचिव ने दिये हैं. ज्ञात हो कि राशि उठाव के बाद ससमय घर बनाने पर ग्रामीण आवास कर्मी व लाभार्थी को प्रोत्साहन इनाम राशि देने की घोषणा भी की जा चुकी है.
अभियान की असफलता पर गिरेगी गाज :विशेष आवास निर्माण एवं सामूहिक गृह प्रवेश अभियान की सफलता पर जहां बीडीओ पुरस्कृत व सम्मानित किये जायेंगे. वहीं अभियान की असफलता पर उन्हें दंडित भी किया जायेगा. मिली जानकारी के मुताबिक विभागीय सचिव ने जिले के अधिकारी को लिखे पत्र में अभियान की सफलता पर 10 प्रखंडों के बीडीओ को सम्मानित कर स्मार्ट फोन दिये जाने के साथ-साथ इस विशेष अभियान की असफलता पर 10 प्रखंडों के बीडीओ पर कार्रवाई किये जाने की बातें कही है. उन्होंने कहा है कि सबसे खराब प्रगति उपलब्धि रहने वाले 10 प्रखंडों के बीडीओ को चिह्नित कर कार्रवाई की जायेगी.
लाभुकों के साथ सेल्फी लेंगे आवास सहायक :आवास निर्माण की नियमित समीक्षा, सघन निरीक्षण के साथ-साथ सामूहिक गृह प्रवेश के विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीण आवास सहायकों को डोर-टू-डोर जाने के निर्देश दिये गये हैं.
इस दौरान वे लाभार्थी के घर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे. सहायकों के बहानेबाजी तथा झूठी रिपोर्ट पर लगाम लगाने के उद्देश्य उन्हें लाभार्थी के साथ एक सेल्फी लेकर आवास पर्यवेक्षक के पास भेजने को कहा गया है. अगर लाभार्थी घर पर मौजूद नहीं हो तो उनके परिवार के अन्य सदस्य के साथ सेल्फी लेंगे.
27 हजार लाभार्थी गृह प्रवेश कर रचेंगे इतिहास
सात नवंबर 2018 का दिन इतिहास के पन्नों पर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होंगे. इस दिन एक साथ जिले के हजारों लोगों के आशियाने के अधूरे अरमान पूरे होंगे, जिस पक्के मकान का ये इंतजार वर्षों से कर रहे थे. उस मकान में ये रहने के लिए प्रवेश करेंगे. सात नवंबर का दिन जिले व पीएम आवास योजना के हजारों लाभार्थियों के लिए यादगार रहने वाला होगा. शायद यह पहला अवसर होगा, जब इतनी संख्या में लोग एक साथ नये घरों में कदम रखेंगे. सभी लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक हैं. जिनके पक्के मकान को राज्य स्तर से हर हाल में सात नवंबर के पूर्व पूर्ण करने का आदेश के साथ-साथ उनके गृह प्रवेश की तिथि भी निर्धारित कर दी गयी है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप कार्य किये जा रहे हैं. आवास कर्मियों से प्रत्येक दिन प्रगति रिपाेर्ट ली जा रही है. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. 07 नवंबर को सामूहिक गृह प्रवेश अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित हैं.
डॉक्टर अभिजीत चौधरी, बीडीओ, बेगूसराय
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन