बांका में गर्मी से कुछ देर की राहत लेकिन उमस से नहीं मिलेगी निजात
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 05 Jun 2026 7:13 AM
बांका में मौसम ने ली करवट
Banka Weather : बांका में गुरुवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदला, बादल छाए और तेज हवा चली. लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी है कि अगले कुछ दिनों तक उमस और हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है.
बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Weather : जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह से ही तेज धूप, उमस और प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. दोपहर तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और तपती सड़कों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया. हालांकि दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवा चलने से लोगों को कुछ देर के लिए राहत महसूस हुई. बावजूद इसके मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना नहीं है.
दोपहर तक आग उगलता रहा सूरज
गुरुवार की सुबह से ही बांका में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया. तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई. बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर दिखे. अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बादल और तेज हवा ने दी थोड़ी राहत
दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. आसमान में बादल छा गए और तेज आंधी जैसी स्थिति बनने लगी. इससे वातावरण में कुछ ठंडक महसूस हुई और लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रहने वाली है.
अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है. ऐसे में तापमान में फिर वृद्धि हो सकती है और कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है. हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.
हीटवेव और वज्रपात को लेकर अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. बागवानी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है. लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस, नारियल पानी तथा मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी गई है.
भागलपुर के JLMNCH में सर्वर डाउन होते ही थम गयी ओपीडी की रफ्तार, घंटों लाइन में खड़े रहे मरीज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










