बाराहाट में प्रशासन की चेतावनी बेअसर, कबाड़ कारोबारियों पर अब होगा FIR
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 07 Jun 2026 9:52 AM
विज्ञापन
Banka News : सड़क किनारे फैले कबाड़ को हटाने का आदेश को नजरअंदाज किया गया. प्रशासन की अंतिम चेतावनी और तय समय-सीमा खत्म होने के बावजूद कारोबारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई . अब एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गयी है.
विज्ञापन
बाराहाट (बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट
Banka News : बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के खड़हरा चौक और मुख्य बाजार में संचालित कबाड़ कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है. प्रशासन द्वारा दी गई अंतिम मोहलत समाप्त होने के बावजूद कारोबारियों ने न तो सड़क किनारे जमा कबाड़ हटाया और न ही अपने दस्तावेजों की जांच के लिए कार्यालय पहुंचना जरूरी समझा. ऐसे में अब उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है.प्रशासन के आदेशों की खुली अवहेलना
प्रशासन ने कबाड़ कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि सड़क किनारे और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में रखे गए कबाड़ को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए. साथ ही सभी कारोबारियों को अपने वैध दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर सत्यापन कराने का आदेश दिया गया था. लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी अधिकांश कारोबारियों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया.विशेष अभियान में दी गई थी अंतिम चेतावनी
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग स्थित खड़हरा चौक पर एसडीएम और अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया था. इस दौरान कबाड़ कारोबारियों को सड़क किनारे जमा कबाड़ हटाने, सुरक्षित गोदाम में भंडारण करने और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने की अंतिम चेतावनी दी गई थी.आज भी सड़क किनारे पड़ा है कबाड़
प्रशासनिक आदेशों के बावजूद खड़हरा चौक और बाराहाट बाजार में आज भी बड़ी मात्रा में कबाड़ सड़क किनारे जमा दिखाई दे रहा है. यह स्थिति न केवल प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी को दर्शाती है, बल्कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनी हुई है.सुरक्षा और स्वच्छता के लिए खतरा बना कबाड़
अंचलाधिकारी विकास कुमार ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों और मुख्य सड़क किनारे कबाड़ का भंडारण कई तरह की समस्याएं उत्पन्न कर रहा है. इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ती है, यातायात प्रभावित होता है और स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी पैदा होती हैं. ऐसे में प्रशासन इसे गंभीरता से ले रहा है.पर्याप्त अवसर के बाद भी नहीं पहुंचे कारोबारी
अंचलाधिकारी ने बताया कि सभी कारोबारियों को अपना पक्ष रखने और दस्तावेजों की जांच कराने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था. बावजूद इसके किसी भी कारोबारी ने कार्यालय पहुंचकर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए. इससे यह स्पष्ट है कि प्रशासनिक आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया गया.अब दर्ज होगी प्राथमिकी
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब दी गई समय-सीमा समाप्त हो चुकी है. जो कबाड़ कारोबारी अब भी आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.कारोबारियों में मचा हड़कंप
प्रशासन के सख्त रुख के बाद क्षेत्र के कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. चर्चा है कि आने वाले दिनों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई शुरू हो सकती है. ऐसे में नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है.कानून का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. नियमों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है और प्रशासन इस मामले में अब किसी प्रकार की ढील देने के मूड में नहीं है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










