दो महीने से बिजली संकट झेल रहा खड़हरा, ग्रामीणों का आरोप- शिकायत करने पर नंबर कर दिए जाते हैं ब्लैकलिस्ट
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 07 Jun 2026 10:02 AM
विज्ञापन
Banka News : भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान खड़हरा के ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार पावर कट और लो-वोल्टेज की शिकायत करने पर बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, और बार-बार संपर्क करने वालों के नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिए जाते हैं. मामला अब जिला पदाधिकारी तक पहुंच गया है और ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
विज्ञापन
बाराहाट (बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट
Banka News : बाराहाट प्रखंड के खड़हरा गांव में पिछले करीब दो महीनों से बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पावर कट, लोड की समस्या और खराब विद्युत व्यवस्था के कारण उनका जनजीवन प्रभावित हो रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों ने अब जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है.दो माह से बिजली संकट का सामना कर रहे ग्रामीण
ग्रामीण दुर्गेश मिश्रा, रूपेश मिश्रा, गौतम मिश्रा, भुल्सन मिश्रा, निशू मिश्रा और सिपू मिश्रा सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि खड़हरा गांव में एक हजार से अधिक आबादी निवास करती है. पिछले दो महीनों से गांव में लगातार बिजली की समस्या बनी हुई है. कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.ट्रांसफाॅर्मर पर बढ़ा लोड, प्रभावित हो रही आपूर्ति
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर पर्याप्त लोड नहीं ले पा रहा है. उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर एक फेज में चलने की स्थिति में पहुंच गया है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है. इसका असर घरेलू कार्यों से लेकर छात्रों की पढ़ाई और व्यवसायिक गतिविधियों तक पर पड़ रहा है.जेई पर फोन नहीं उठाने और नंबर ब्लैकलिस्ट करने का आरोप
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जब भी समस्या की जानकारी देने के लिए फोन किया जाता है तो कॉल रिसीव नहीं की जाती. इतना ही नहीं, बार-बार शिकायत करने वाले लोगों के नंबर पहचान कर उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता है ताकि वे दोबारा संपर्क न कर सकें.गर्मी में सबसे ज्यादा परेशान बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं
गांव के लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली संकट ने जीवन और कठिन बना दिया है. छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं. रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जबकि दिन में उमस और गर्मी से हालात और खराब हो जाते हैं.कई बार शिकायत के बाद भी नहीं निकला समाधान
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार मौखिक और फोन के माध्यम से समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्या लगातार बनी हुई है.डीएम तक पहुंचा मामला, आंदोलन की चेतावनी
बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर जिला पदाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया है. कई लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले एक-दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे.क्या कहते हैं बिजली विभाग के एसडीओ
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ गुलशन नंदन कुमार ने बताया कि खड़हरा गांव में तीन-तीन ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और विभाग के अनुसार वहां किसी प्रकार की बड़ी समस्या नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी है तो वे लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराएं. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और समाधान किया जाएगा.ग्रामीणों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या प्रशासन तक पहुंचा दी है और अब उन्हें समाधान की उम्मीद है. वहीं पूरे मामले पर जिला प्रशासन और बिजली विभाग की अगली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी हुई है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










