झमाझम बारिश के बाद भी आग की भट्टी बना बांका, उमस ने बढ़ाई मुश्किलें, 9 जून तक येलो अलर्ट

बांका में उमस ने बढ़ाई मुश्किलें
Banka Weather : बांका में सुबह की बारिश ने दी राहत, दोपहर की धूप ने बढ़ाई बेचैनी. जानिए अगले तीन दिनों का मौसम और किसानों के लिए जरूरी सलाह
बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट.
Banka Weather : बांका जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शनिवार की सुबह हुई बारिश से लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी. मौसम विभाग ने जिले के लिए 9 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज आंधी, बिजली कड़कने और कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बारिश के बाद बढ़ी उमस, लोगों का हाल बेहाल
शनिवार की सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया था. सड़कों और बाजारों में लोगों को कुछ राहत महसूस हुई. हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. दोपहर करीब 12 बजे के बाद तेज धूप निकल आई और वातावरण में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. घरों से लेकर बाजारों तक लोग पसीने और चिपचिपी गर्मी से परेशान नजर आए.
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी.
9 जून तक आंधी और वज्रपात का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 से 9 जून के बीच जिले के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.
किसानों के लिए अहम सलाह, धान नर्सरी की तैयारी का समय
कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को आगामी मौसम को देखते हुए धान नर्सरी की तैयारी शुरू करने की सलाह दी है. अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश खेती के लिए लाभकारी साबित हो सकती है. हालांकि तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखना जरूरी होगा.
Also Read: हाइवा ने बाइक सवार दंपती को कुचला, महिला की मौत, पति गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










