लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान, 10 घंटे भी नहीं मिल रही बिजली

बिजली ट्रांसफार्मर | Prabhat Khabar Network
शंभुगंज प्रखंड में बिजली आपूर्ति की स्थिति गंभीर है. लो वोल्टेज और दिनभर की बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं. इससे पेयजल, बाजार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं.
Power Crisis: शंभुगंज (बांका). प्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. लो वोल्टेज और दिनभर होने वाली बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ता परेशान हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुणवत्तापूर्ण रखरखाव और विभागीय निगरानी के अभाव में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है.
पेयजल संकट और बाजार पर पड़ा असर
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह पेयजलापूर्ति के समय और शाम के वक्त लगातार बिजली कटौती होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. राजीव कुमार, अजय मोदी, राजेश निराला, गौरव झा, उमेश पोद्दार, पंकज कुमार, पप्पू सिंह, अजय यादव और रामधारी सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि इन महत्वपूर्ण समयों में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाए. उन्होंने बताया कि शाम में बिजली नहीं रहने से बाजारों की रौनक भी प्रभावित हो रही है.
सीएचसी में एक्स-रे जांच भी प्रभावित
लो वोल्टेज की समस्या का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. इससे उपचार प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है.
छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर
ग्रामीणों ने बताया कि शाम के समय अघोषित बिजली कटौती के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है. लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है. लगातार आने वाले तकनीकी फॉल्ट भी परेशानी का कारण बने हुए हैं.
सावन मेले के मेंटेनेंस कार्य को बताया वजह
Power Crisis: इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आगामी सावन मेले को लेकर सुल्तानगंज ग्रिड में मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है, जिसके कारण फिलहाल बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ठाकुर विनोद कुमार
ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










