पुणे से घर लौट रहा किशोर फारबिसगंज से रहस्यमय ढंग से लापता

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 20 Jan 2026 7:31 PM

विज्ञापन

मं ने फारबिसगंज थाना में लिखित आवेदन देकर पुत्र की सकुशल बरामदगी की लगायी गुहार

विज्ञापन

अंतिम बार पुत्र ने कहा – ई-रिक्शा वाला उठा कर ले गया है, एक कमरे में बंद करके रखा है

फारबिसगंज. पुणे से अपने घर अररिया जिले के चिकनी कमलदहा लौट रहा 15 वर्षीय किशोर फारबिसगंज पटना बस स्टैंड से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. किशोर की मां कंचन देवी, पति प्रभु ऋषिदेव, साकिन चिकनी कमलदहा वार्ड संख्या 08 थाना अररिया ने फारबिसगंज थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है.थाना में दिये गये आवेदन के अनुसार पीड़िता का पुत्र माखन कुमार, उम्र 15 वर्ष, रंग सांवला, लंबाई लगभग 4 फिट 6 इंच, दिनांक 15 जनवरी 2026 को पुणे से बस पकड़कर अपने घर के लिए निकला था. दिनांक 17 जनवरी 2026 को रात करीब 9 बजे माखन ने उनकी ननद मधु देवी के मोबाइल पर फोन कर बताया कि उसे एनएच स्थित फारबिसगंज पटना बस स्टैंड पर बस से उतार दिया गया है और वह वहां से ऑटो पकड़कर घर आ रहा है. इसके बाद फोन कट गया.

परिजनों ने रात भर इंतजार किया, लेकिन किशोर घर नहीं पहुंचा. इसके बाद 18 जनवरी 2026 को परिजनों ने सभी सगे-संबंधियों से संपर्क कर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका. आवेदन में आगे बताया गया है कि 19 जनवरी 2026 की सुबह करीब 3 बजे मधु देवी के मोबाइल पर पुनः फोन आया. फोन पर माखन ने बताया कि 17 जनवरी को एक ई-रिक्शा वाला उसे उठा कर अपने घर ले गया है और उसे एक कमरे में बंद कर रखा है. इसके बाद फोन अचानक कट गया.

फोन कट होते ही परिजनों की चिंता और बढ़ गयी. पीड़िता ने अपने आवेदन में बेटे की जान को खतरा होने की आशंका जतायी है और पुलिस से तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है. इधर आवेदन मिलते ही फारबिसगंज पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और किशोर की तलाश की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन