ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दादी-पोता गंभीर रूप से घायल, इलाजरत
अररिया. अररिया आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़िया चौक पर एक बाइक पर सवार तीन लोगों को हरियाणा नंबर वाले ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. बाइक व सवार को ट्रक चालक कई मीटर तक घसीटते लेते गया. इस दौरान बाइक सवार ने दम तोड़ दिया. इसके साथ ही बाइक पर सवार अन्य दो लोगों में मृतक की 50 वर्षीय मां व उसका चार वर्षीय पुत्र काफी घायल हो गया. दोनों को आनन फानन में आरएस थाना पुलिस की जिप्सी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां दोनों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इधर मृतक, घायलों के परिजन व अन्य घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गये और आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर दिया. वहीं अररिया आरएस पुलिस व यातायात थाना पुलिस भीड़ को हटाने में जद्दोजहद करती दिखी. इस दौरान आक्रोशित अपनी मांगों के साथ सड़क जाम पर डटे रहे.
बैंगलुरू से कुछ दिन पूर्व लौटा था घर, ईदी का सामान पहुंचाने जा रहा था बहन के घर
अररिया. बैंगलुरू से कुछ दिन पूर्व अपने गांव लौटे धामा पंचायत स्थित रघुनाथपुर वार्ड संख्या 13 निवासी सऊद पिता शमीम अपनी अम्मी बीबी सफातुन (50) व अपने 04 वर्षीय पुत्र उजैर के साथ एक बाइक पर सवार होकर हड़िया चौक के रास्ते अपनी बहन का ससुराल ईद का सामान पहुंचाने झमटा गांव जा रहा था. हड़िया चौक पर पहुंचते ही हाईवे 27 फोरलेन पार करने के दौरान एक हरियाणा नंबर के ट्रक संख्या एचआर 38एसी 5561 ने पीछे से तेजी में आकर उक्त बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान बाइक चालक ट्रक के चक्कों के बीच आकर कई मीटर तक घिसटता चला गया. उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं बाइक पर सवार मृतक सऊद की मां व उसका पुत्र काफी घायल हो गये. दोनों को पूर्णिया रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद से पंचायतवासी सहित स्थानीय लोग काफी आक्रोशित दिखे व एनएच 27 सड़क जाम कर दिया व पुलिस व एनएचएआई प्रशासन के सामने अपनी मांग पर डटे रहे.एनएचएआइ बिना साइन बोर्ड लगाये सड़क पर कराता है मरम्मत कार्य, ध्यान दें प्रशासन
अररिया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि एनएचएआइ प्रशासन सड़क की मरम्मत के दौरान सड़क को वन-वे कर देता है. इससे आने-जानेवाले को एक ही रास्ता मिलता है. इस दौरान खतरे का कोई साइन बोर्ड हाइवे पर नहीं लगाया जाता है. इससे आवागमन कर रहे लोगों को रूट क्लियर समझ आता है व अपने गंतव्य स्थान के लिए आगे बढ़ जाते हैं. वहीं फोरलेन पर सड़क कटिंग होने से इधर-उधर से आ रहे बाइक चालक जब सड़क पार करने लगते हैं, तो हाइवे पर चल रहे तेज रफ्तार ट्रक व चार चक्का वाहन के चपेट में आ जाते हैं. इससे बड़ी दुर्घटना घटित होती रहती है व लोग जान से हाथ गंवा बैठते हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सबसे पहले एनएचएआइ प्रशासन को इसका निर्देश दिया जाये, ताकि भविष्य में अन्य खतरे से राहगीर अपने जान को बचा जा सकें व सुरक्षित यात्रा कर सकें. इस घटना को व पूर्व में भी हुई ऐसी घटना को लोगों ने एनएचएआइ व यातायात पुलिस की लापरवाही का नतीजा बताया है. वहीं मृतक के परिजन, धामा पंचायत के मुखिया मिनुतुल्लाह, समाजसेवी मो मोहतसिम सहित लोगों ने एक साथ प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि मृतक के परिजन अत्यंत गरीब हैं. उनका मृतक बेटा बैंगलुरू में काम करता था. उसकी कमाई से घर का खर्च चलता था. घर का चिराग बुझ जाने से अब उनकी उम्मीद का किरण खत्म हो गयी है. प्रशासन उन्हें उचित मुआवजा दे. इसके साथ ही ट्रक मालिक व जिला प्रशासन के द्वारा दोनों घायलों का उचित बेहतर इलाज कराया जाये. वहीं लोगों ने बताया कि यातायात डीएसपी फखरे आलम ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




