राजस्थान रायल्स को हराकर बदला चुकता करना चाहता है मुंबई इंडियंस
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 30 Apr 2015 3:42 PM
मुंबई : अच्छे ब्रेक के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियंस आईपीएल में लगातार यात्रा से थकी राजस्थान रायल्स से कल खेलेगी तो उसका मकसद पिछली हार का बदला चुकता करने का होगा.अहमदाबाद में पहले चरण के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रायल्स ने हराया था. अब मुंबई के पास अपने मैदान पर बदला […]
मुंबई : अच्छे ब्रेक के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियंस आईपीएल में लगातार यात्रा से थकी राजस्थान रायल्स से कल खेलेगी तो उसका मकसद पिछली हार का बदला चुकता करने का होगा.अहमदाबाद में पहले चरण के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रायल्स ने हराया था. अब मुंबई के पास अपने मैदान पर बदला चुकता करने का सुनहरा मौका है. पिछले मैच में 25 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद को हराने के बाद मुंबई को अच्छा खासा ब्रेक मिल गया है. दूसरी ओर राजस्थान की टीम थकी हुई है जो कल बेंगलूर में थी जहां रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ उसका मैच बारिश में धुल गया.
इससे पहले 26 अप्रैल को गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन पर उसका मैच भी बारिश के कारण नहीं हो सका था. फिलहाल आठ टीमों की तालिका में रायल्स चेन्नई सुपर किंग्स के बाद दूसरे स्थान पर है जबकि मुंबई सात में से पांच मैच हार चुका है. हैदराबाद के खिलाफ गेंदबाजों लसिथ मलिंगा और न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लीनाघन के शानदार प्रदर्शन से मिली जीत से उसकी प्लेऑफ में प्रवेश की उम्मीदें जगी हैं.
इन दोनों के अलावा मुंबई के बाकी तेज गेंदबाज आर विनय कुमार, पवन सुयाल और जसप्रीत बुमरा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं. मुंबई की समस्या अच्छी सलामी जोड़ी का अभाव भी है. पिछले मैच में पार्थिव पटेल ने लैंडल सिमंस के साथ पारी का आगाज किया लेकिन प्रभावी नहीं रहे. गुजरात के रणजी कप्तान पटेल पांच मैचों में सिर्फ 73 रन बना सके हैं. मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने 244 रन बनाये हैं और लगातार सही टीम संयोजन की तलाश में हैं. बीच के ओवरों में किफायती साबित हो रहे हरभजन सिंह का साथ देने के लिए अच्छा स्पिन विकल्प भी टीम के पास नहीं है. श्रेयस अय्यर और कर्नाटक के ही जगदीशा सुचित लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं.
टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करने वाले रायल्स की भी कुछ कमजोर कड़ियां हैं. शानदार फार्म में चल रहे उसके बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को अहमदाबाद में 24 अप्रैल को आरसीबी से मिली हार के बाद ज्यादा बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका है. बल्लेबाजों की नाकामी के कारण टीम आरसीबी के खिलाफ नौ विकेट पर 130 रन ही बना सकी. अब तक के मैचों में राजस्थान ने अंतिम एकादश में बदलाव नहीं किया है लेकिन कल रात बारिश से रद्द हुए मैच में न्यूजीलैंड के टिम साउदी ने दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मौरिस की जगह ली थी.
लेग स्पिनर प्रवीण ताम्बे ने बेंगलूर के खिलाफ काफी रन लुटाये. बल्लेबाजी में रहाणे 323 रन बना चुके हैं जबकि कप्तान शेन वाटसन ने 144 और स्टीव स्मिथ ने 172 रन बनाये हैं .जेम्स फाकनेर अभी तक अपेक्षा के अनुरुप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं लेकिन काफी खतरनाक बल्लेबाज हैं.
अंतिम टीमें : राजस्थान रायल्स : शेन वाटसन ( कप्तान ), अभिषेक नायर, अजिंक्य रहाणे, अंकित शर्मा, बेन कटिंग, दीपक हुड्डा, धवल कुलकर्णी, दिशांत याग्निक, जेम्स फाकनेर, केन रिचर्डसन, करुण नायर, प्रवीण तांबे, राहुल तेवाटिया, रजत भाटिया, संजू सैमसन, स्टीवन स्मिथ, स्टुअर्ट बिन्नी, टिम साउदी, विक्रमजीत मलिक, क्रिस मौरिस, जुआन थेरोन, बरिंदर सिंह सरन, दिनेश सांलुके, सागर त्रिवेदी, प्रदीप साहू.
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा ( कप्तान ), अंबाती रायडू, अभिमन्यु मिथुन, आदित्य तारे, पार्थिव पटेल, कीरोन पोलार्ड, कोरी एंडरसन, लसिथ मलिंगा, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, मर्चेट डि लांगे, पवन सुयाल, श्रेयस गोपाल, लेंडल सिमंस, प्रज्ञान ओझा, मिशेल मैकक्लीनागन, एडेन ब्लिजार्ड, अक्षय वाखरे, नितिश राणा, सिद्धेश लाड, हार्दिक पंड्या, जगदीश सुचित, उन्मुक्त चंद, आर विनय कुमार.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










