मुंगेर में तेज आंधी में दीवार और ऐलबेस्टर गिरा, महिला की दर्दनाक मौत

मुंगेर में तेज आंधी में दीवार और ऐलबेस्टर गिरा, महिला की मौत
Munger News: मुंगेर में देर रात आई तेज आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई. पड़ोसी के मकान की दीवार और ऐलबेस्टर गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया.
मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.
Munger News: कासिम बाजार थाना क्षेत्र के चंदनबाग में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और हवा के कारण बड़ा हादसा हो गया. पड़ोसी के मकान की कमजोर दीवार और ऐलबेस्टर गिरने से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
देर रात तेज आंधी बनी हादसे की वजह
बताया जाता है कि मंगलवार देर रात अचानक मौसम खराब हो गया था. तेज आंधी और हवाओं के बीच पड़ोसी के मकान की कमजोर दीवार और ऐलबेस्टर भरभराकर दंपती के ऊपर गिर पड़ा. हादसा इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए.
मलबे में दबे दंपती को लोगों ने निकाला
घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाला. इसके बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने पूनम देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति पप्पू मल्लिक का इलाज चल रहा है.
चार छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका की पहचान चंदनबाग निवासी पप्पू मल्लिक की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पूनम देवी अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं. मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्वजन अशोक मल्लिक ने बताया कि देर रात अचानक तेज हवा चलने लगी थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा. घटना के बाद से परिवार के लोग सदमे में हैं.
प्रशासन से मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि परिवार पर बड़ा संकट आ गया है और छोटे बच्चों के भविष्य को देखते हुए प्रशासन को मदद करनी चाहिए.
इलाके में दहशत और चिंता का माहौल
इस हादसे के बाद इलाके के लोग भी सहमे हुए हैं. लगातार बदलते मौसम और तेज आंधी के कारण कमजोर मकानों को लेकर लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










