ePaper

Delhi Election 2020 : अमित शाह का तंज- केजरीवाल झूठे वादों के चैंपियन

Updated at : 23 Jan 2020 9:07 PM (IST)
विज्ञापन
Delhi Election 2020 : अमित शाह का तंज- केजरीवाल झूठे वादों के चैंपियन

नयी दिल्ली : गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले पांच साल में अरविंद केजरीवाल ने एक भी चुनाव नहीं जीता है और दिल्ली की जनता को यह तय करना है कि अगले पांच साल के लिए नरेंद्र मोदी जी की तरह काम करने वाली सरकार चाहिए या धरना प्रदर्शन करने वाली […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले पांच साल में अरविंद केजरीवाल ने एक भी चुनाव नहीं जीता है और दिल्ली की जनता को यह तय करना है कि अगले पांच साल के लिए नरेंद्र मोदी जी की तरह काम करने वाली सरकार चाहिए या धरना प्रदर्शन करने वाली सरकार चाहिए.

दिल्ली के मटियाला क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, पिछले पांच साल में केजरीवाल ने एक भी चुनाव नहीं जीता. पहले वाराणसी में हारे, हरियाणा में हारे, पंजाब में हारे, एमसीडी चुनाव में हारे, फिर लोकसभा चुनाव में भी सारी सीटें हार गये. एक चुनाव जिताने के बाद सारे चुनाव दिल्ली की जनता ने उन्हें हराये हैं. उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद दिल्ली की जनता वोट डालकर दिल्ली की नयी सरकार तय करने वाली है. शाह ने कहा कि आपका एक वोट ये तय करेगा कि पांच साल के लिए मोदी जी की तरह काम करने वाली सरकार चाहिए या धरना प्रदर्शन करने वाली सरकार चाहिए? ये आपको तय करना होगा.

आप और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि दो साल पहले जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत विरोधी नारे लगे. मोदी जी ने इनको जेल में डाला तो तुरंत केजरीवाल और राहुल एंड कंपनी वहां पहुंच गयी और कहने लगे कि ये उनका वाणी स्वतंत्रता का अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि पांच साल पहले दिल्ली की जनता ने बड़ा भरोसा करके अरविंद केजरीवाल को वोट दिया था, लेकिन उन्होंने वादे पूरे नहीं किये. गृह मंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सत्ता में आने के साढ़े चार साल तक ये कहते थे कि मोदी जी ने मुझे कुछ काम ही नहीं करने दिया, इसलिए दिल्ली का विकास नहीं हुआ. अब कहते हैं, पांच साल में दिल्ली का विकास मैंने किया.

उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना लाये, ये भी केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में नहीं लागू की. करीब 112 ऐसी योजनाओं के बीच में केजरीवाल रोड़ा बन गये हैं. उन्होंने कहा कि एक बार ये रोड़ा हटा दो तो ये सभी योजनाएं दिल्ली वालों के घर तक पहुंच जायेगी. शाह ने कहा कि भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के गरीबों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है. लेकिन, केजरीवाल सरकार के कारण ये योजना दिल्ली के लोगों को नहीं मिली. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को डर है कि अगर इस योजना से गरीब को फायदा होगा, तो वो मोदीजी को वोट दे देगा. शाह ने कहा, अगर देश में झूठे वादों की प्रतियोगिता हो तो अरविंद केजरीवाल को प्रथम पुरस्कार मिलेगा.

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को हम अधिकृत कर देंगे. लेकिन हमेशा इस काम में अड़ंगा लगाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करीब 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को पांच हजार रुपये में अपने घर का मालिकाना हक देने का काम किया है. शाह ने कहा, मैं केजरीवाल को याद कराने आया हूं कि भइया केजरीवाल! आपने जो वादे किये थे वो आप तो भूल गये, लेकिन वो वादे न दिल्ली की जनता भूली है और न ही भाजपा के कार्यकर्ता भूले हैं. उन्होंने सवाल किया कि जरा बतायें कि कितने स्कूल बनाये, कितने सीसीटीवी कैमरा लगाये, कितने डीटीसी की बसें लाये. शाह ने कहा कि आज पूरे भारत में सबसे खराब पानी दिल्ली की जनता को मिल रहा है. यमुना जी को स्वच्छ करना आप के बूते की बात नहीं है. हम यमुना स्वच्छ करेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola