ePaper

राफेल सौदे को लेकर भाजपा का राहुल पर पलटवार, कांग्रेस को बताया ''भ्रष्टाचार की जननी''

Updated at : 22 Sep 2018 5:47 PM (IST)
विज्ञापन
राफेल सौदे को लेकर भाजपा का राहुल पर पलटवार, कांग्रेस को बताया ''भ्रष्टाचार की जननी''

नयी दिल्ली : राफेल सौदे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के बयान को लेकर सरकार पर राहुल गांधी के वार पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कांग्रेस को ‘भ्रष्टाचार की जननी’ करार दिया और आरोप लगाया कि संप्रग शासन के दौरान बाहरी कारणों से राफेल सौदे को अंतिम नहीं देने का दबाव था. […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : राफेल सौदे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के बयान को लेकर सरकार पर राहुल गांधी के वार पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कांग्रेस को ‘भ्रष्टाचार की जननी’ करार दिया और आरोप लगाया कि संप्रग शासन के दौरान बाहरी कारणों से राफेल सौदे को अंतिम नहीं देने का दबाव था.

इसने कहा कि रिलायंस तथा दसाल्ट ने 2012 में ही एक समझौता किया था और तब संप्रग सत्ता में था. भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वैसे शब्दों का इस्तेमाल आजाद भारत में आज तक किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं किया है.

उन्होंने कहा कि बिना किसी गुण और काबिलियत के, सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार के कारण कांग्रेस अध्यक्ष बने राहुल गांधी से कोई और उम्मीद की भी नहीं जा सकती है. गांधी..नेहरु परिवार पर निशाना साधते हुए प्रसाद ने कहा कि एक ऐसा व्यक्ति जो भ्रष्टाचार, जमीन और शेयर की लूट में अपनी माता के साथ जमानत पर बाहर हो, एक ऐसा व्यक्ति जो अपने बहनोई द्वारा जमीन लूटने पर खामोश रहे और एक ऐसा व्यक्ति जिसके पूरे परिवार ने बोफोर्स में घूस ली हो, उससे देश कोई अपेक्षा नहीं कर सकता.

इसे भी पढ़ें…

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना कहा, देश का चौकीदार चोर है

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के लोकप्रिय और प्रामाणिक नेता तथा ईमानदारी के प्रतीक प्रधानमंत्री मोदी को चोर कहा है. आजाद भारत में आज तक किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऐसे शब्दों का प्रयोग किसी प्रधानमंत्री के लिए नहीं किया है. राफेल सौदे के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों पर भाजपा नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी राफेल की सभी जानकारियों को सार्वजनिक कराकर पाकिस्तान की मदद करना चाहते हैं.

रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि संप्रग शासन के दौरान बाहरी कारणों से राफेल सौदे को अंतिम रूप नहीं देने का दबाव था. अखबार में प्रकाशित उस समय की रिपोर्ट दिखाते हुए उन्होंने कहा कि रिलायंस और दसाल्ट ने 2012 में ही एक समझौता किया था और तब संप्रग सत्ता में था. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, राहुल गांधी क्या चाहते हैं, क्या हम राफेल विमान के बारे में सबकुछ बता दें, ताकि पाकिस्तान और चीन को सब पता चल जाए.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी इस देश में भ्रष्टाचार की जननी रही है. वह किस हक से सवाल कर रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता ने विमान के मूल्य पर बात करते हुए कहा कि, संप्रग सरकार की तुलना में राजग सरकार ने बेसिक विमान नौ फीसदी सस्ता और हथियारों से लैस विमान 20 फीसदी सस्ता खरीदा है.

फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रविशंकर ने कहा कि, फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने ऐसा बयान क्यों दिया, किस मजबूरी में दिया, हम इसके बारे में क्या बोलें? इससे हमारा कोई वास्ता नहीं है. प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद वायुसेना की आवश्यकता को देखते हुए इसे मंजूरी दी गई.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola