सुप्रीम कोर्ट में अनुच्छेद 35-ए के खिलाफ दायर नयी याचिका पर सुनवाई टली
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Aug 2018 7:34 PM
नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 35-ए की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली नयी याचिका पर सोमवार को सुनवाई स्थगित कर दी. यह अनुच्छेद जम्मू-कश्मीर विधानसभा को विशेष अधिकार और सुविधाओं के लिए ‘स्थायी निवासियों’ को परिभाषित करने का अधिकार प्रदान करता है. प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति एएम खानविलकर और […]
नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 35-ए की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली नयी याचिका पर सोमवार को सुनवाई स्थगित कर दी. यह अनुच्छेद जम्मू-कश्मीर विधानसभा को विशेष अधिकार और सुविधाओं के लिए ‘स्थायी निवासियों’ को परिभाषित करने का अधिकार प्रदान करता है. प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति एएम खानविलकर और न्यायमूर्ति धनंजय वाई चंद्रचूड़ की पीठ के समक्ष यह याचिका सूचीबद्ध थी, परंतु इस पर सुनवाई नहीं हो सकी. इसका कारण यह है कि याचिकाकर्ता ने इसे स्थगित करने के अनुरोध के साथ शीर्ष अदालत की रजिस्ट्री को एक पत्र दे दिया था.
इसे भी पढ़ें : #Article35A : सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई अब 27 अगस्त को
अधिवक्ता और दिल्ली भाजपा के नेता अश्विनी कुमार उपाध्याय ने नयी याचिका में अनुच्छेद 35-ए को मनमाना घोषित करने का केंद्र और राज्य सरकारों को निर्देश देने का अनुरोध किया है. याचिका में कहा गया है कि यह अनुच्छेद संविधान में प्रदत्त समता, महिलाओं की गरिमा, बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा जीने और व्यक्तिगत आजादी जैसे मौलिक अधिकारों के खिलाफ है.
संविधान में अनुच्छेद 35-ए 1954 में राष्ट्रपति के आदेश से शामिल किया गया था. यह अनुच्छेद जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को विशेष अधिकार और सुविधाएं प्रदान करता है और राज्य के बाहर के लोगों को यहां कोई भी अचल संपत्ति प्राप्त करने से रोकता है. यह अनुच्छेद राज्य के बाहर के किसी व्यक्ति से विवाह करने वाली राज्य की महिला को संपत्ति के अधिकार से भी वंचित करता है और ऐसा करने वाली महिलाएं और उनके उत्तराधिकारी राज्य में अपनी संपत्ति से अधिकार गंवा देते हैं. इससे पहले, शीर्ष अदालत ने अनुच्छेद 35-ए को लेकर दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई सोमवार से शुरू हुए एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










