रोहतास में आंधी-तूफान और बारिश से बदला मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत; IMD ने जारी किया अलर्ट

रोहतास में बदलते मौसम की तस्वीर
Sasaram Weather News: रोहतास जिले में गुरुवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. सुबह हुई हल्की बारिश और बादलों से मौसम सुहाना हो गया. IMD ने अगले कुछ घंटों में आंधी, बारिश, वज्रपात और 50-60 किमी/घंटा की तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है.
Sasaram Weather News: (संदेश जायसवाल) रोहतास जिले के चेनारी और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह की हल्की बूंदाबांदी और आसमान में छाए काले बादलों ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी. ठंडी हवाओं के साथ वातावरण में ताजगी महसूस की गई और मौसम खुशनुमा हो गया.
गर्मी और उमस से मिली बड़ी राहत
पिछले कई दिनों से इलाके में तापमान लगातार बढ़ रहा था. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया था. दोपहर में गर्म हवाओं (लू) के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था. गुरुवार की सुबह जैसे ही बूंदाबांदी शुरू हुई, लोगों ने राहत की सांस ली. मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने मौसम का आनंद उठाया, वहीं कई लोग अपने घरों की छत और बरामदे में बैठकर इस बदलाव का लुत्फ लेते नजर आए.
IMD का अलर्ट- अगले 2-3 घंटे अहम
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रोहतास जिले के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 घंटों के भीतर मौसम और सक्रिय हो सकता है.
इस दौरान-
- गरज के साथ बारिश
- वज्रपात (बिजली गिरने)
- तेज आंधी
- 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं
चलने की प्रबल संभावना जताई गई है.इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट (Be Prepared) जारी किया गया है.

बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा
तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है. वहीं वज्रपात को लेकर भी खतरा बना हुआ है, जो जानलेवा साबित हो सकता है. ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग दोनों ने लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है.
IMD की जरूरी सलाह
- खुले मैदान, खेत और ऊंचे स्थानों से दूर रहें
- पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों
- मोबाइल चार्जिंग के दौरान बिजली कड़कने पर सावधानी बरतें
- जरूरत हो तभी घर से बाहर निकलें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
किसानों के लिए राहत, लेकिन सावधानी जरूरी
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों को राहत मिली है. हल्की बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे धान सहित खरीफ फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी. हालांकि मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें.
बाजार और जनजीवन पर असर
मौसम बदलने के बाद बाजारों में धीरे-धीरे रौनक लौटने लगी है. जहां पहले भीषण गर्मी के कारण सन्नाटा पसरा था, वहीं अब लोग बाहर निकलने लगे हैं. ठंडी हवाओं के चलते लोगों को राहत महसूस हो रही है और दैनिक गतिविधियां सामान्य होने लगी हैं.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जिससे गर्मी से आंशिक राहत जारी रह सकती है.
स्थानीय लोगों में उत्साह
सुबह के सुहाने मौसम ने बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया. लोग सोशल मीडिया पर भी इस बदलते मौसम की तस्वीरें और वीडियो साझा करते नजर आए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










