ePaper

कांग्रेस का पलटवार : मोदी करते हैं श्मशान-कब्रिस्तान, हम करते हैं सबका सम्मान

Updated at : 14 Jul 2018 7:26 PM (IST)
विज्ञापन
कांग्रेस का पलटवार : मोदी करते हैं श्मशान-कब्रिस्तान, हम करते हैं सबका सम्मान

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि वह उनकी तरह ‘श्मशान-कब्रिस्तान और बांटने की राजनीति’ नहीं करती, बल्कि सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है. दरअसल, मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे परियोजना के शिलान्यास के मौके […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि वह उनकी तरह ‘श्मशान-कब्रिस्तान और बांटने की राजनीति’ नहीं करती, बल्कि सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है. दरअसल, मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे परियोजना के शिलान्यास के मौके पर एक उर्दू दैनिक की खबर का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि कांग्रेस क्या मुस्लिम पुरुषों की पार्टी है या मुस्लिम महिलाओं की भी है?

इसे भी पढ़ें : पूर्वांचल दौरे पर पीएम मोदी, आजमगढ़ में 340 किमी लंबे एक्सप्रेसवे की रखेंगे आधारशिला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि हम गर्व से कह सकते थे कि अगर कोई देश के हर धर्म, जाति और वर्ग को साथ लेकर चला है, तो वह सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस है. हम सभी का आदर करते हैं. हम मोदी की तरह श्मशान,कब्रिस्तान और बांटने की राजनीति नहीं करते. तीन तलाक विरोधी कानून के बारे में तिवारी ने कहा कि हम तीन तलाक पर कानून के पक्ष में हैं, लेकिन जो इस विधेयक का जो मौजूदा स्वरूप है, उससे महिलाओं का भला नहीं होने वाला है. इस विधेयक को ऐसे बनाना होगा, जिससे महिलाओं का भला हो सके.

तिवारी ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों को मोदी जी से उम्मीद थी कि किसानों के जो 12 हजार करोड़ रुपये बकाया है, उसको दिये जाने की घोषणा करेंगे. आशा थी कि बंद मिलों एवं कारखानों के फिर से खोलने की तारीख की घोषणा करेंगे. आशा थी कि उत्तर प्रदेश में महिला विरोधी अपराधों के बढ़ते मामलों पर कुछ बोलेंगे, लेकिन उन्होंने इन पर कुछ नहीं बोला.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पूर्वांचल में बोल रहे थे, लेकिन आजमगढ़ के महान साहित्यकार राहुल सांस्कृत्यायन का उल्लेख करना भूल गये, वीर अब्दुल हमीद का नाम लेना भूल गये. गोरखपुर में ऑक्सीजन की कमी से मरने वाले मासूम बच्चों के बारे में कुछ कहना भूल गये. उन्नाव के बलात्कार के आरोपी भाजपा विधायक को पार्टी से बाहर निकालने की हिम्मत नहीं कर पाये.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषण में जिन उपलब्धियों का जिक्र कर रहे थे, वह सबकुछ उधार का था. मनमोहन सिंह सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर पेश किया. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मोदी जी का तेवर एक हारे हुए सेनापति का था, जिसकी सेना का अंधकारमय भविष्य नजर आ रहा है. उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री जी जवाब दीजिए कि रोजगार कहां है, महंगाई क्यों बढ़ी, रुपये की कीमत आपकी उम्र से ज्यादा कैसे हो गयी, पेट्रोल-डीजल के दाम कब कम होंगे?

तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार संसद नहीं चलाना चाहती. अपने सहयोगी दलों से कार्यवाही बाधित करवाती है, ताकि असल मुद्दों पर जवाब देने से बचे. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के राम मंदिर से जुड़े एक कथित बयान का हवाला देते हुए तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा को भगवान राम में आस्था नहीं है, बल्कि वह उनके नाम इस्तेमाल चुनाव के मोहरे के रूप में करती है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola