ग्राम रक्षादल सह पुलिस मित्र की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक, 11 सूत्री मांगें सौंपा गया ज्ञापन
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 01 Sep 2025 6:53 PM
आपदा नियंत्रण, लोकसभा व विधानसभा चुनावों में शांति व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में प्रशासन का सहयोग करते आ रहे हैं.
वीरपुर थाना मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के पास एक निजी होटल में सोमवार को ग्राम रक्षादल सह पुलिस मित्र की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 400 कार्यकर्ता शामिल हुए. इसमें अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक सह पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह को आमंत्रित किया. मंत्री के पहुंचने पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई. मंच से प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर पासवान और जिलाध्यक्ष बजरंग कुमार ने संगठन द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी. बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. इसमें उल्लेख किया गया कि ग्राम रक्षादल के सदस्य थानाध्यक्ष के निर्देश पर संध्या प्रहरी, रात्रि प्रहरी, विद्यालयों में स्कूल प्रहरी, राष्ट्रीय त्योहार, महामारी, आपदा नियंत्रण, लोकसभा व विधानसभा चुनावों में शांति व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में प्रशासन का सहयोग करते आ रहे हैं. कुछ जिलों में पुलिस अधीक्षक के माध्यम से उन्हें लाठी, टॉर्च व अन्य सामग्री प्रदान की गई है, साथ ही साप्ताहिक व दैनिक उपस्थिति दर्ज की जाती है, लेकिन जीवन-निर्वाह हेतु मानदेय या अन्य सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती. ऐसे में संगठन ने दैनिक भत्ता, मानदेय व अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग की. मौके पर मंत्री नीरज कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि आचार संहिता से पहले ही मुख्यमंत्री के समक्ष विषय रखा जाएगा और यदि वर्तमान में समाधान नहीं हुआ तो सरकार बनने के बाद सभी मांगें पूरी की जाएंगी. बैठक में अनुमंडल अध्यक्ष मो हाशिम, संदीप पासवान, ललिता देवी, सोनी कुमारी, प्रीति कुमारी, बसंतपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार, प्रखंड सचिव शंकर कुमार पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










