इंटरनेट पर आया भूचाल! राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस में 'मेगा ट्रेड' की तैयारी, लिस्ट में शामिल हैं 2 बड़े मैच विनर

Edited by Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

हार्दिक पंड्या और यशस्वी जायसवाल

IPL 2026 Mega Trade: आईपीएल 2026 का सीजन खत्म होने के बाद ट्रांसफर मार्केट से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच दो स्टार खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बातचीत चल रही है.

विज्ञापन

IPL 2026 Mega Trade: आईपीएल 2026 के खत्म होते ही क्रिकेट गलियारों से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक ‘मेगा ट्रेड’ को लेकर बातचीत चल रही है. इस डील के तहत मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और राजस्थान के विस्फोटक ओपनर यशस्वी जायसवाल की आपस में अदला-बदली हो सकती है.

‘अंदरूनी कलह’ बनी हार्दिक पंड्या के एग्जिट की वजह

हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस का रिश्ता एक बार फिर टूटने की कगार पर है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 के दौरान ही पंड्या के टीम छोड़ने की भूमिका तैयार हो चुकी थी. याद दिला दें कि तीन साल पहले गुजरात टाइटंस की कप्तानी छोड़कर मुंबई इंडियंस में शामिल हुए हार्दिक पंड्या को रोहित शर्मा की जगह टीम की कमान सौंपी गई थी. इस फैसले पर तब भी काफी विवाद हुआ था. सूत्रों का दावा है कि पंड्या को मुंबई के ड्रेसिंग रूम में वह समर्थन नहीं मिल पा रहा था जिसकी एक कप्तान को जरूरत होती है. टीम के कुछ सीनियर और बड़े खिलाड़ी कथित तौर पर उनके फैसलों में सहयोग नहीं कर रहे थे. इस अंदरूनी खींचतान का असर मैदान पर भी दिखा, जहां टीम चैंपियन बनना तो दूर, प्लेऑफ तक में नहीं पहुंच सकी. इस सीजन के खराब प्रदर्शन और टीम के भीतर बढ़ते मतभेदों को देखते हुए अब हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस से अलग होना ही सही समझा है.

यशस्वी जायसवाल के राजस्थान छोड़ने की वजह

यशस्वी जायसवाल के राजस्थान रॉयल्स से संभावित अलगाव के पीछे सिर्फ एक सामान्य ट्रेड नहीं, बल्कि टीम के भीतर समीकरणों का बदलना एक बड़ी वजह माना जा रहा है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी में जायसवाल की अहमियत पहले की तुलना में कुछ कम हुई है. संजू सैमसन के जाने के बाद जायसवाल को कप्तानी का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन मैनेजमेंट ने युवा ऑलराउंडर रियान पराग को टीम की कमान सौंप दी.

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार प्रदर्शन और अंबाती रायुडू का बयान

इसके अलावा, राजस्थान रॉयल्स को बिहार के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक बेहद विस्फोटक ओपनर मिल गया है. जिन्होंने इस सीजन में जायसवाल से भी कहीं अधिक आक्रामक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है. सूर्यवंशी के इस धमाकेदार प्रदर्शन के चलते टीम में जायसवाल का दबदबा थोड़ा कम हुआ है. ऐसे में पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायुडू जैसे जानकारों का भी मानना है कि जायसवाल को मुंबई इंडियंस जैसी टीम का रुख करना चाहिए, जहां उन्हें एक नया और स्वतंत्र प्लेटफॉर्म मिल सके.

IPL 2027 से पहले दिल्ली-लखनऊ में महा-उलटफेर

आईपीएल 2027 के महा-उलटफेर से पहले सिर्फ मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स ही नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के खेमे में भी बड़े भूचाल के संकेत मिल रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच कप्तानी और खिलाड़ियों के समीकरण पूरी तरह बदलने वाले हैं. सबसे बड़ी खबर दिल्ली कैपिटल्स को लेकर है, जहाँ ऋषभ पंत की एक बार फिर टीम में वापसी तय मानी जा रही है और वे अगले सीजन में दिल्ली के लिए खेलते दिख सकते हैं. हालांकि, दिलचस्प मोड़ यह है कि दिल्ली की कप्तानी केएल राहुल को सौंपी जा सकती है, जो लखनऊ का साथ छोड़ कर यहाँ आ रहे हैं. इसके अलावा, दिल्ली के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आगामी सीजन में दिल्ली की जगह लखनऊ सुपरजायंट्स की जर्सी में नजर आ सकते हैं.

इसे भी पढ़े- कोलंबो में जय शाह की एंट्री से बढ़ी हलचल, श्रीलंका क्रिकेट के भविष्य को लेकर बना खास प्लान?

विज्ञापन
Ritu Raj

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola