ट्रेनों की देरी से बक्सर स्टेशन पर यात्रियों का हाल बेहाल, घंटों करना पड़ रहा इंतजार
Published by : Ragini Sharma Updated At : 30 May 2026 8:46 AM
सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: पटना-डीडीयू रेलखंड पर डाउन लाइन की ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार को विभूति एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं, जिससे बक्सर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई.
Bihar News: (मृत्युंजय सिंह) पटना-डीडीयू रेलखंड पर डाउन लाइन की ट्रेनों के लगातार देरी से परिचालन प्रभावित हो रहा है. शनिवार को कई प्रमुख ट्रेनों के देर से चलने के कारण बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12333 विभूति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 5:44 बजे के बजाय लगभग 3 घंटे 30 मिनट की देरी से बक्सर पहुंचने की संभावना रही. वहीं 13413 फरक्का एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय सुबह 6:50 बजे के मुकाबले लगभग 2 घंटे विलंब से चली. इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमू ट्रेन भी अपने निर्धारित समय से देर से संचालित हुई. आनंद विहार टर्मिनल समर एक्सप्रेस के भी सुबह 4:45 बजे के बजाय करीब 8:20 बजे बक्सर पहुंचने की संभावना जताई गई.
प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की परेशानी
लगातार ट्रेनों के विलंब से बक्सर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को अपने परिजनों के साथ घंटों इंतजार करना पड़ा. गर्मी और उमस के बीच सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को झेलनी पड़ी. कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन छूटने की भी आशंका बनी रही. यात्रियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से डाउन लाइन की ट्रेनें नियमित समय पर नहीं चल रही हैं, जिससे दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी के यात्रियों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
यात्रियों में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
रेल यात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने ट्रेनों की लगातार देरी पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि यदि रेलवे जल्द ही ट्रेनों का समय पर परिचालन सुनिश्चित नहीं करता है तो संगठन की ओर से बक्सर स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
रेलवे का पक्ष
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परिचालन संबंधी तकनीकी कारणों और मार्ग में मालगाड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है. कंट्रोल रूम द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सके.
Also Read:कैमूर में ‘अपराजिता सम्मान’ से ट्रांसजेंडर समुदाय को मिला सम्मान, मंच पर दिखा आत्मविश्वास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










