रोहतास में विकास कार्य तेज, किसानों में खुशी की लहर, सिंचाई व्यवस्था सुधरने की उम्मीद

Sasaram News: काराकाट प्रखंड के बेनसागर गांव स्थित भोजपुर रजवाहा पुल पर फाटक निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. फाटक नहीं होने के कारण वर्षों से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी.
Sasaram News:( वीरेंद्र कुमार) रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड अंतर्गत बेनसागर गांव में स्थित भोजपुर रजवाहा पुल पर फाटक निर्माण कार्य शुरू हो गया है. निर्माण कार्य आरंभ होते ही क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. लंबे समय से फाटक की मांग कर रहे किसानों का कहना है कि इसके निर्माण से सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और फसलों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा. स्थानीय किसानों के अनुसार, पुल में फाटक नहीं होने के कारण रजवाहा के पानी का समुचित नियंत्रण नहीं हो पाता था. इससे खेतों तक आवश्यक मात्रा में पानी पहुंचाने में कठिनाई होती थी और किसानों को फसल सिंचाई के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी.
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
स्थानीय किसान केशो सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, बाबुधन सिंह, रविंद्र शर्मा, अमरनाथ प्रजापति और संजय मेहता सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि बेनसागर गांव के बीच से गुजरने वाली भोजपुर रजवाहा में फाटक नहीं होने के कारण काराकाट प्रखंड के बेनसागर और संझौली मठ, बिक्रमगंज प्रखंड के रमन डीहरा और केशोडीह तथा संझौली प्रखंड के बाजितपुर, खुटहा, बुकनाव और चैता सहित कई गांवों के किसानों को सिंचाई के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. किसानों का कहना है कि फाटक निर्माण कार्य शुरू होने से अब उन्हें उम्मीद है कि पानी का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा और जरूरत के अनुसार खेतों तक पानी पहुंचाया जा सकेगा.
हजारों हेक्टेयर भूमि को मिलेगा लाभ
किसानों के अनुसार, भोजपुर रजवाहा संझौली, काराकाट, बिक्रमगंज और दावथ प्रखंड के हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई का प्रमुख स्रोत है. इस रजवाहा पर निर्भर बड़ी संख्या में किसान धान, गेहूं, दलहन और अन्य फसलों की खेती करते हैं. उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा पहले ही बिक्रमगंज, कांडाडीह और मानी गांव के समीप रजवाहा में फाटक लगाए जा चुके हैं. वहां किसान आवश्यकता के अनुसार फाटक खोलकर और बंद करके खेतों की सिंचाई कर रहे हैं, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिल रही है.
समय पर सिंचाई से बढ़ेगा उत्पादन
कृषकों का मानना है कि बेनसागर गांव के समीप भी फाटक लग जाने से पानी का प्रवाह नियंत्रित किया जा सकेगा. इससे खेतों में समय पर सिंचाई संभव होगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी. साथ ही पानी की बर्बादी पर भी रोक लगेगी.किसानों ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से खेती की लागत कम होगी और फसलों की गुणवत्ता एवं पैदावार दोनों में सुधार देखने को मिलेगा. इससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
किसानों ने विभागीय अधिकारियों को दी बधाई
फाटक निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. किसानों ने कनीय अभियंता दीपक कुमार, जूली कुमारी, सहायक अभियंता मनीष कुमार तथा कार्यपालक अभियंता अनुंजय कुमार को बधाई देते हुए कहा कि विभाग की इस पहल से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और आगामी सिंचाई सत्र से किसानों को इसका पूरा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.
Also Read:ट्रेनों की देरी से बक्सर स्टेशन पर यात्रियों का हाल बेहाल, घंटों करना पड़ रहा इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










