पटना में पदयात्रा संग पूरी होगी राहुल गांधी की Voter Adhikar Yatra, बदली महागठबंधन की रणनीति

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 28 Aug 2025 3:31 PM

विज्ञापन

वोटर अधिकार यात्रा की तस्वीर

Voter Adhikar Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा का समापन अब 1 सितंबर को पटना में मार्च के साथ होगा. पहले इसे रैली के रूप में करने की योजना थी, लेकिन महागठबंधन ने रणनीति बदलकर पदयात्रा के जरिए जनता से सीधा जुड़ने का फैसला किया है.

विज्ञापन

Voter Adhikar Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है. यात्रा का समापन 1 सितंबर को राजधानी पटना में एक बड़े मार्च के साथ होगा. पहले इसकी समाप्ति एक विशाल रैली के रूप में तय की गई थी, लेकिन महागठबंधन के नेताओं ने रणनीति बदलते हुए पदयात्रा निकालने का फैसला किया है.

रैली की जगह मार्च क्यों?

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि नेताओं को लगा कि रैली की तुलना में पैदल मार्च से जनता की अधिक भागीदारी और उत्साह दिखेगा. विपक्षी गठबंधन को यह भी समझ आया कि अब तक कई प्रमुख नेता यात्रा के अलग-अलग हिस्सों में शामिल हो चुके हैं. ऐसे में सभी नेताओं को फिर से एक साथ रैली के लिए बुलाने से उतना बड़ा प्रभाव नहीं पड़ता. वहीं, सड़क पर उतरकर जनता के बीच सीधा संवाद करने की रणनीति को ज्यादा असरदार माना गया है.

पहले किया गया था रैली का ऐलान

यात्रा की शुरुआत में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने घोषणा की थी कि 1 सितंबर को पटना में एक “विशाल वोटर अधिकार रैली” होगी. उन्होंने कहा था कि यह रैली बिहार की जनता की ओर से “वोट चोरों” को करारा जवाब होगी. लेकिन अब इसे बदलकर जनमार्च का रूप दे दिया गया है, जिससे जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित हो सके.

बाइक राइड बनी आकर्षण का केंद्र

बुधवार को यात्रा के दौरान राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर में बाइक राइड कर कार्यक्रम में नया जोश भर दिया. इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपने भाई राहुल गांधी के पीछे बैठी नजर आईं. यह दृश्य देखते ही स्थानीय लोगों ने सड़कों पर खड़े होकर उनका जोरदार स्वागत किया. जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूलों और नारों के साथ नेताओं का अभिनंदन किया.

क्यों निकाली जा रही है यह यात्रा?

वोटर अधिकार यात्रा का उद्देश्य चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ आवाज उठाना है. महागठबंधन का आरोप है कि आयोग मतदाता सूची में गड़बड़ी कर रहा है और लाखों लोगों का नाम सूची से हटाकर उनके मतदान के अधिकार छीन रहा है. कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला मान रहे हैं.

16 दिन की 1,300 किलोमीटर लंबी यात्रा

यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और 16 दिनों तक विभिन्न जिलों से होकर गुजर रही है. कुल 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद 1 सितंबर को पटना में इसका समापन मार्च के रूप में होगा. विधानसभा चुनाव से पहले यह यात्रा महागठबंधन के लिए राजनीतिक तौर पर बेहद अहम मानी जा रही है.

किन जिलों से होकर गुजरी यात्रा

अब तक यात्रा गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी और दरभंगा जिलों में पहुंच चुकी है. आगे यह सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और अंततः पटना जिलों से होकर गुजरेगी. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक पटना में होने वाला यह समापन मार्च विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के लिए बड़ी ताकत का प्रदर्शन होगा. वहीं, जनता के बीच सड़क पर उतरकर वोटर अधिकार का मुद्दा उठाने से महागठबंधन अपने अभियान को और धार देने की कोशिश कर रहा है.

Also Read: राहुल गांधी ने उठाया बड़ा सवाल- अमित शाह को कैसे पता कि बीजेपी सरकार 40-50 साल चलेगी?

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन