कल्पना सोरेन और पूर्णिमा साहू का महाराष्ट्र दौरा, समझेंगी महिला सशक्तिकरण का सफल मॉडल

Updated:
विज्ञापन

सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा अर्चना करतीं विधायक कल्पना सोरेन, साथ में है विधायक पूर्णिमा साहू

Kalpana Soren: झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति कल्पना सोरेन और सदस्य पूर्णिमा साहू चार दिवसीय अध्ययन यात्रा पर महाराष्ट्र में हैं. समिति ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और अधिकारियों से मुलाकात कर महिला सशक्तिकरण, बजट और वर्किंग वूमन हॉस्टल के संचालन मॉडल पर विस्तृत चर्चा की. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

विज्ञापन

रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Kalpana Soren, रांची: झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों चार दिवसीय अध्ययन यात्रा पर महाराष्ट्र में है. इस उच्च स्तरीय समिति का नेतृत्व गांडेय क्षेत्र की विधायक और समिति की सभापति कल्पना सोरेन कर रही हैं, जबकि जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू बतौर सदस्य इस यात्रा में मुख्य रूप से शामिल हैं. महिला सशक्तिकरण और बाल विकास के क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों, विशेषकर आंगनबाड़ी केंद्रों और कामकाजी महिला हॉस्टलों के सफल संचालन को समझने के उद्देश्य से यह टीम मुंबई पहुंची है.

महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर से हुई चर्चा

सोमवार को अपनी अध्ययन यात्रा के पहले दिन झारखंड की यह विधानसभा समिति सीधे महाराष्ट्र विधानसभा पहुंची. यहां समिति की सभापति कल्पना सोरेन और सदस्य पूर्णिमा साहू ने महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर (अध्यक्ष) राहुल नार्वेकर से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान दोनों राज्यों के विधायी कार्यों, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा समितियों के कामकाज को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. इसके उपरांत, समिति ने महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग के आला अधिकारियों और नीति निर्माताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि अधिकारियों के साथ चर्चा बेहद सार्थक रही. समिति ने विशेष रूप से महाराष्ट्र में महिला व बाल विकास के बजट आवंटन, वहां क्रियान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उनके धरातल पर क्रियान्वयन के तौर-तरीकों को बारीकी से समझने का प्रयास किया.

मुंबई के वर्किंग वूमन हॉस्टल की संचालन व्यवस्था को देखा

मंत्रालय और विधानसभा की बैठकों के बाद समिति सीधे मुंबई स्थित ‘वर्किंग वूमन हॉस्टल’ (कामकाजी महिला छात्रावास) का निरीक्षण करने पहुंची. इस हॉस्टल के अनूठे संचालन मॉडल की सराहना करते हुए समिति सदस्यों ने पाया कि महाराष्ट्र सरकार ने इस हॉस्टल के निर्माण के लिए रियायती दर या लीज पर जमीन उपलब्ध कराई है, जबकि इसका पूरा प्रबंधन और संचालन एक स्थानीय महिला समिति द्वारा किया जाता है. इस हॉस्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां शादी-शुदा कामकाजी महिलाएं भी अपने छोटे बच्चों के साथ सुरक्षित रह सकती हैं. झारखंड की समिति ने हॉस्टल के चप्पे-चप्पे का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, रहने-खाने की सहूलियत और दैनिक संचालन मॉडल का गहन जायजा लिया, ताकि झारखंड में भी कामकाजी महिलाओं के लिए ऐसी सुदृढ़ व्यवस्थाएं विकसित की जा सकें.

Also Read: Saraikela: अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध चुलाई अड्डे ध्वस्त

लिज्जत पापड़ कारखाने का करेंगी दौरा

विधायक पूर्णिमा साहू ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि चार दिवसीय दौरे के दौरान समिति महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा संचालित की जा रही सफल औद्योगिक इकाइयों का भी दौरा करेगी. इसी कड़ी में विश्व प्रसिद्ध ‘लिज्जत पापड़’ कारखाने का भी भ्रमण किया जाएगा, ताकि महिला सहकारी समितियों के आत्मनिर्भर मॉडल को समझा जा सके.

सिद्धिविनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना

इससे पूर्व, महाराष्ट्र की धरती पर आगमन के साथ ही अपनी यात्रा की सफलता और झारखंड की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विधायक कल्पना सोरेन और विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर और महालक्ष्मी मंदिर जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बप्पा का आशीर्वाद लिया.

Also Read: झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: पीड़ितों के लिए 10.04 करोड़ रुपये जारी, इन 2 जिलों को सबसे ज्यादा फंड

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola