MLC Election 2026: NDA का मास्टरस्ट्रोक, पवन सिंह, निशांत कुमार समेत 8 नामों से बढ़ी सियासी हलचल
Published by : Karuna Tiwari Updated At : 06 Jun 2026 9:41 AM
पवन सिंह
Bihar News: MLC Election 2026- NDA का मास्टरस्ट्रोक, पवन सिंह और निशांत कुमार समेत 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. भाजपा और जदयू ने नए चेहरों के साथ साधे सामाजिक समीकरण, चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बनाया है. आठ जून को नामांकन और 18 जून को मतदान के बीच बिहार की सियासत में हलचल बढ़ी रहेगी.
Bihar News: MLC Election 2026- बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए ने अपने पत्ते खोल दिए हैं. भाजपा और जदयू ने शुक्रवार को कुल आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को मैदान में उतारकर बड़ा संदेश दिया है, जबकि जदयू ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत चार नए चेहरों पर भरोसा जताया है.
NDA ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. पार्टी ने पहली बार भोजपुरी गायक पवन सिंह को उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख को लगातार तीसरी बार मौका दिया गया है. पूर्णिया के अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति को भी टिकट देकर भाजपा ने सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है.
जदयू ने चार नए चेहरों पर खेला दांव

जदयू ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उम्मीदवार बनाया है. उनके साथ महिला जदयू की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भारती मेहता, शिवरानी देवी और शेखपुरा निवासी वरिष्ठ कार्यकर्ता ललन प्रसाद को भी प्रत्याशी घोषित किया गया है. खास बात यह है कि जदयू के चारों उम्मीदवार पहली बार किसी सदन के सदस्य बनने की दौड़ में शामिल हुए हैं.
8 जून को नामांकन, 18 जून को मतदान
विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून निर्धारित है. एनडीए के सभी उम्मीदवार अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल करेंगे. इस दौरान गठबंधन के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी भी देखने को मिल सकती है. चुनाव के लिए मतदान 18 जून को होगा.
संजय मयूख तीसरी बार, बाकी सभी नए चेहरे
भाजपा ने एक बार फिर संजय मयूख पर भरोसा जताते हुए उन्हें तीसरी बार विधान परिषद भेजने का फैसला किया है. वहीं पवन सिंह, अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति पहली बार उम्मीदवार बनाए गए हैं. दूसरी ओर जदयू के सभी प्रत्याशी भी नए चेहरे हैं.
जातीय समीकरण साधने की कोशिश
एनडीए ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया है. घोषित आठ उम्मीदवारों में पांच अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं. भाजपा ने दो सवर्ण और दो अति पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को मौका दिया है, जबकि जदयू ने भी विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है.
क्या राजद बढ़ाएगा मुकाबले का रोमांच?
राजनीतिक गलियारों में अब निगाहें राजद पर टिकी हैं. यदि राजद भी अपने कोटे से उम्मीदवार मैदान में उतारता है तो विधान परिषद चुनाव दिलचस्प हो सकता है. एनडीए सभी सीटों पर जीत का दावा कर रही है और बाकी सीटों पर सहयोगी दलों के उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द होने की संभावना है.
ALSO READ: Patna Weather Update: पटना में बदला मौसम का मिजाज, बादलों की लुकाछिपी के बीच सताएगी उमस भरी गर्मी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










