AI से खत्म होंगी IT नौकरियां या बढ़ेगा बाजार? एक्सपर्ट ने बताया क्या है भविष्य का इशारा

AI बदलेगा IT इंडस्ट्री का खेल, लेकिन खत्म नहीं होंगी नौकरियां / सिम्बॉलिक पिक एआइ से
Coforge CEO सुधीर सिंह के मुताबिक AI पारंपरिक IT मॉडल को बदल रहा है, लेकिन इससे टेक इंडस्ट्री का बाजार घटेगा नहीं. आने वाले वर्षों में AI आधारित सेवाओं से अरबों डॉलर के नए अवसर पैदा हो सकते हैं.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने दुनियाभर की IT इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. लगातार यह सवाल उठ रहा है कि क्या AI आने वाले समय में पारंपरिक IT नौकरियों को खत्म कर देगा. इसी बीच भारत की बड़ी IT कंपनी Coforge ने इस बहस पर बड़ा बयान दिया है. कंपनी के CEO सुधीर सिंह का कहना है कि AI पारंपरिक लेबर-एज-ए-डिफॉल्ट मॉडल को जरूर बदल रहा है, लेकिन इससे IT सेवाओं का बाजार छोटा नहीं होगा. उल्टा आने वाले वर्षों में यह इंडस्ट्री कई नए अवसर पैदा कर सकती है.
AI बदल रहा है IT इंडस्ट्री का पुराना मॉडल
Coforge के मुताबिक, IT सेक्टर लंबे समय से ऐसे मॉडल पर चलता रहा है जहां ज्यादा लोगों की जरूरत को ही मुख्य आधार माना जाता था. लेकिन अब AI के आने से यह व्यवस्था तेजी से बदल रही है.
सुधीर सिंह ने कहा कि AI सिर्फ ऑटोमेशन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरी टेक सर्विस इंडस्ट्री का ढांचा बदल सकता है. हालांकि उन्होंने साफ किया कि इसका मतलब नौकरियों का अंत नहीं है. नई टेक्नोलॉजी नए तरह के काम और स्किल्स की मांग भी बढ़ाएगी.
AI से बनेगा 800 अरब डॉलर का नया बाजार?
कंपनी ने निवेशकों को दी गई अपनी प्रस्तुति में दावा किया कि मौजूदा समय में AI आधारित टेक सर्विसेज का बाजार करीब 160 से 180 अरब डॉलर का है. लेकिन अगले पांच साल में यह बढ़कर करीब 800 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है.
Coforge का मानना है कि AI इंडस्ट्री के लिए सिर्फ चुनौती नहीं, बल्कि बड़ा बिजनेस अवसर भी बन रहा है. कंपनी के अनुसार AI आधारित प्रोजेक्ट्स में तेजी आने से टेक कंपनियों को नए रेवेन्यू सोर्स मिलेंगे.
AI से कोड बनाना आसान, लेकिन संभालना महंगा
पीटीआई-भाषा को दिये एक इंटरव्यू में सुधीर सिंह ने AI को लेकर एक दिलचस्प बात कही. उन्होंने बताया कि AI की मदद से कोड तैयार करना पहले के मुकाबले काफी सस्ता और तेज हो गया है, लेकिन असली चुनौती उसके बाद शुरू होती है.
उन्होंने कहा कि AI से बने सिस्टम का रखरखाव, सुरक्षा, मॉनिटरिंग और लगातार ट्रेनिंग काफी महंगी प्रक्रिया है. यानी AI पूरी तरह इंसानों की जगह नहीं लेगा, बल्कि नई तरह की टेक्निकल भूमिकाएं तैयार करेगा.
एजेंट AI बनेगा अगली बड़ी टेक लहर
Coforge CEO के मुताबिक, जिस तरह करीब 20 साल पहले क्लाउड टेक्नोलॉजी ने IT सेक्टर को बदल दिया था, उसी तरह अब Agent AI अगली बड़ी टेक क्रांति बन सकता है.
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कंपनियों को AI एजेंट्स की निगरानी, अपडेट और ऑपरेशन संभालने के लिए बड़े स्तर पर मैनेज्ड सर्विसेज की जरूरत पड़ेगी. इससे नए रोजगार और नई सर्विस कैटेगरी पैदा होंगी.
Coforge के नतीजों में भी दिखा AI का असर
कंपनी के ताजा वित्तीय नतीजों में भी मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है. जनवरी-मार्च तिमाही में Coforge का शुद्ध लाभ दोगुना होकर 612 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया. वहीं कंपनी का राजस्व करीब 30 प्रतिशत बढ़कर 4,450 करोड़ रुपये रहा.
पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का रेवेन्यू लगभग 36 प्रतिशत बढ़ा, जबकि मुनाफा भी तेजी से ऊपर गया. Coforge ने बताया कि उसने 2025-26 में AI सेक्टर में बड़ा निवेश किया है और अब AI उसके बिजनेस ग्रोथ का अहम हिस्सा बन चुका है.
यह भी पढ़ें: गूगल का नया एआई एजेंट बनेगा आपकी डिजिटल लाइफ का 24/7 मैनेजर
यह भी पढ़ें: ChatGPT हुआ पहले से ज्यादा स्मार्ट, OpenAI ने लॉन्च किया GPT-5.5 Instant
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Kumar
राजीव, 14 वर्षों से मल्टीमीडिया जर्नलिज्म में एक्टिव हैं. टेक्नोलॉजी में खास इंटरेस्ट है. इन्होंने एआई, एमएल, आईओटी, टेलीकॉम, गैजेट्स, सहित तकनीक की बदलती दुनिया को नजदीक से देखा, समझा और यूजर्स के लिए उसे आसान भाषा में पेश किया है. वर्तमान में ये टेक-मैटर्स पर रिपोर्ट, रिव्यू, एनालिसिस और एक्सप्लेनर लिखते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई में जाकर उसकी परतें उधेड़ने का हुनर रखते हैं. इनकी कलम का संतुलन, कंटेंट को एसईओ फ्रेंडली बनाता और पाठकों के दिलों में उतारता है. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










