बंगाल के राज्यपाल पर लगे छेड़खानी के आरोप के प्रतिवाद में टीएमसी का राज भवन के सामने प्रदर्शन
Published by : Shinki Singh Updated At : 17 May 2024 6:47 PM
राज्यपाल ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि ये आरोप राजनीति से प्रेरित हैं, क्योंकि वह बंगाल के लोगों की शिकायतें मुखरता से उठा रहे थे और लोगों से जाकर खुलकर मिलते थे, इसी के कारण उनके खिलाफ यह साजिश रची जा रही है.
तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस (Governor CV Anand Bose) पर लगे छेड़खानी के आरोपों को लेकर उनके इस्तीफे की मांग करते हुए राज भवन के समीप शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया. हाथों में तख्तियां लिये और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. प्रदर्शनकारियों में टीएमसी से संबद्ध पश्चिम बंगाल कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रोफेसर संघ (डब्ल्यूबीसीयूपीए) के सदस्य भी शामिल थे.

राज्यपाल सी वी आनंद बोस का पद पर बने रहना शर्मनाक
इस मौके पर डब्ल्यूबीसीयूपीए के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘राज्यपाल सी वी आनंद बोस का पद पर बने रहना शर्मनाक है, वह भी तब, जब राजभवन की एक महिला कर्मी सहित एक से ज्यादा महिलाएं उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगा चुकी हैं. ‘राजभवन में संविदा पर काम करने वाली एक महिला ने राज्यपाल पर उसके साथ छेड़खानी करने को लेकर पिछले सप्ताह पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी.

पुलिस ने भी राज्य सचिवालय को सौंपी थी रिपोर्ट
पुलिस ने एक शास्त्रीय नर्तकी द्वारा दर्ज कराईयी गयी शिकायत को लेकर इस सप्ताह की शुरुआत में राज्य सचिवालय को रिपोर्ट सौंपी थी. शिकायत में महिला ने बोस पर 2023 में नयी दिल्ली के एक होटल में उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है. प्रदर्शन में शामिल होने वाली पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष और फिल्मकार सुदेशना रॉय ने कहा, ‘मैं यहां महिलाओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आई हूं. वह किसी भी जांच की इजाजत नहीं दे रहे हैं, क्योंकि वह संवैधानिक पद पर हैं. लेकिन इस तरह का पद एक व्यक्ति के रूप में उन्हें आरोपों की जांच से छूट की गारंटी नहीं देता है.

राज्यपाल ने सारे आरोपों को नकारते हूए कहा कि ये आरोप राजनीति से प्रेरित
गौरतलब है कि संविधान का अनुच्छेद 361 (2) राष्ट्रपति और राज्यपाल के खिलाफ आपराधिक मुकदमा शुरू करने की इजाजत नहीं देता. राज्यपाल ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि ये आरोप राजनीति से प्रेरित हैं, क्योंकि वह बंगाल के लोगों की शिकायतें मुखरता से उठा रहे थे और लोगों से जाकर खुलकर मिलते थे, इसी के कारण उनके खिलाफ यह साजिश रची जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










